भोपाल में एक और रेलवे स्टेशन हुआ शुरू, 3 साल बाद निशातपुरा स्टेशन पर रुकेगी ट्रेनें; जानें क्या होगा फायदा

भोपाल के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी. करीब 3 साल के इंतजार के बाद निशातपुरा रेलवे स्टेशन का शुभारंभ हो गया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर नए स्टॉपेज की शुरुआत की. अब मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ एक्सप्रेस का यहां ठहराव होगा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

भोपाल के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. करीब तीन साल पहले बनकर तैयार हो चुके निशातपुरा रेलवे स्टेशन का आखिरकार औपचारिक शुभारंभ हो गया है. इसके साथ ही भोपाल को अपना चौथा रेलवे स्टेशन मिल गया. अब कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का निशातपुरा स्टेशन पर नियमित ठहराव होगा, जिससे हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी. लंबे समय से स्थानीय लोग इस स्टेशन को शुरू किए जाने का इंतजार कर रहे थे. स्टेशन के चालू होने से न सिर्फ यात्रियों का सफर आसान होगा, बल्कि भोपाल रेलवे स्टेशन पर बढ़ते दबाव को भी कम करने में मदद मिलेगी.

दरअसल, निशातपुरा रेलवे स्टेशन काफी समय पहले बनकर तैयार हो गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया था. अब इसका औपचारिक उद्घाटन होने के साथ ही यहां ट्रेनों का नियमित ठहराव शुरू हो गया. स्टेशन शुरू होने के बाद यह भोपाल का चौथा प्रमुख रेलवे स्टेशन बन गया.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने दिखाई पहली ट्रेन को हरी झंडी

स्टेशन के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए. उन्होंने निशातपुरा स्टेशन से मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसी के साथ इस ट्रेन के नियमित ठहराव की शुरुआत भी हुई. इसके अलावा जबलपुर-वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस के नए स्टॉपेज का भी शुभारंभ किया.

रेलवे में बड़े बदलाव की बात

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में तेजी से बदलाव हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली से उज्जैन और इंदौर की ओर जाने वाली ट्रेनों को अब इंजन या ट्रैक बदलने की आवश्यकता नहीं होगी. इससे ट्रेनों का संचालन पहले की तुलना में अधिक सुगम और तेज हो सकेगा.

धार्मिक यात्राओं के लिए भी महत्वपूर्ण स्टेशन

मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवा एक्सप्रेस का वैष्णो देवी से और सोमनाथ एक्सप्रेस का सोमनाथ धाम से सीधा जुड़ाव होने के कारण निशातपुरा स्टेशन का महत्व बढ़ जाता है. यहां ट्रेनों के रुकने से धार्मिक यात्राओं पर जाने वाले यात्रियों को भी काफी सुविधा मिलेगी.

भोपाल स्टेशन का दबाव होगा कम

भविष्य में होने वाले सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजनों और लगातार बढ़ रही यात्री संख्या को देखते हुए निशातपुरा स्टेशन अहम भूमिका निभाएगा. इससे मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा और रेल संचालन को बेहतर ढंग से व्यवस्थित किया जा सकेगा.

Advertisement

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निशातपुरा रेलवे स्टेशन को लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है. स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को आधुनिक रेल सुविधाओं का लाभ मिल सके.