मध्य प्रदेश के नीमच जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक जर्जर तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर ढह गया, जिसके मलबे में दबने से मां और बेटे की मौत हो गई. घटना से पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई.
जानकारी के अनुसार, सिंगोली नगर के अहिंसा पथ क्षेत्र में हादसे के समय सोसर बाई धनोतिया अपने दोनों बेटों नीलेश धनोतिया और रवि धनोतिया के साथ मकान में सो रही थीं. देर रात अचानक मकान की छत और दीवार का हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे तीनों मलबे में दब गए.
मां की मौके पर मौत, बेटे ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में सोसर बाई धनोतिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नीलेश धनोतिया को उपचार के लिए कोटा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया.
मलबे में दबे बाकी लोगों को निकाला
वहीं, छोटे बेटे रवि धनोतिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई. घटना की सूचना मिलते ही सिंगोली पुलिस, 112 डायल टीम, नगर परिषद कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया.
जर्जर था मकान
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था और मकान लंबे समय से जर्जर अवस्था में था. हादसे के बाद पूरे नगर में शोक का माहौल है. इस घटना ने जर्जर भवनों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.