MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला‑बदला बना हुआ है. कहीं बादल छाए हुए हैं तो कहीं गरज‑चमक के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं. मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में कोहरा भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. हालांकि फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
कई जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि आज भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में कहीं‑कहीं गरज‑चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं. इससे सुबह‑शाम ठंडक का एहसास बना रहेगा.
कुछ जिलों में छा सकता है घना कोहरा
ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है. कोहरे के चलते समय दृश्यता कम रह सकती है, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
रीवा‑सतना में रहेगा मध्यम कोहरा
रीवा, सतना और पन्ना जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा रहने का अनुमान है. यहां देर रात को ठंड और नमी का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.
तीन दिन बाद फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज के बाद अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के असर से एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनेगी.
फिलहाल तापमान में गिरावट नहीं
अभी प्रदेश में तापमान में किसी तरह की बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं. मौसम सामान्य बना रहेगा और ठंड में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी. प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस खंडवा में दर्ज किया गया है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग की सलाह
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. बारिश, गरज‑चमक और कोहरे के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर यात्रा करने वालों के लिए.