रीवा-मुंबई स्पेशल ट्रेन हुई नियमित, अब पुणे-दिल्ली-नागपुर जाना होगा आसान

रीवा से मुंबई चलने वाली स्पेशल ट्रेन अब नियमित कर दी गई है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है. चार साल बाद ट्रेन से स्पेशल का टैग हटाया गया है. इसके नियमित होने से रीवा से मुंबई, पुणे, दिल्ली और नागपुर की यात्रा अधिक आसान और समय पर होगी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Rewa Mumbai Train News: रीवा और आसपास के इलाकों के यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत भरी खबर दी है. पिछले चार सालों से ‘स्पेशल ट्रेन' के तौर पर चल रही रीवा‑सीएसटी (मुंबई) ट्रेन अब नियमित कर दी गई है. लंबे समय से इस ट्रेन को स्थायी रूप से चलाने की मांग हो रही थी, जो अब पूरी हो गई है. ट्रेन के नियमित होने से न सिर्फ समय की पाबंदी बढ़ेगी, बल्कि रीवा से मुंबई, पुणे, दिल्ली और नागपुर जैसे बड़े शहरों की यात्रा भी पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी.

चार साल बाद बदला ट्रेन का दर्जा

रीवा‑शिवाजी टर्मिनल ट्रेन को पहली बार 28 अप्रैल 2022 को स्पेशल ट्रेन के रूप में शुरू किया गया था. इसके बाद लगातार चार साल तक यह स्पेशल ही बनी रही. अब पहली बार इस ट्रेन से ‘स्पेशल' का टैग हटाकर इसे नियमित ट्रेन बना दिया गया है. गुरुवार को यह ट्रेन रीवा से नियमित रूप में अपनी पहली यात्रा पर निकली.

Advertisement

सांसद ने दिखाई हरी झंडी

रीवा रेलवे स्टेशन पर सांसद जनार्दन मिश्रा ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि रीवा के रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. उनका कहना था कि आने वाले समय में रीवा से सीधे कई बड़े शहरों के लिए सफर और भी आसान होगा.

समय और नंबर की पूरी जानकारी

यह ट्रेन रीवा से गाड़ी संख्या 20154 के रूप में गुरुवार को दोपहर 3 बजकर 50 मिनट पर चलती है और अगले दिन 12 बजकर 20 मिनट पर शिवाजी टर्मिनल, मुंबई पहुंचती है. वापसी में यह ट्रेन गाड़ी संख्या 20153 के नाम से शुक्रवार को 1 बजकर 30 मिनट पर मुंबई से रवाना होकर शनिवार सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर रीवा पहुंचती है. ट्रेन में कुल 24 डिब्बे हैं और रास्ते में 16 स्टॉपेज दिए गए हैं.

नियमित होने से क्या फायदा होगा

अब तक स्पेशल ट्रेन होने के कारण इसे रास्ते में कई बार अनावश्यक रूप से रोका जाता था, जिससे यात्रियों को परेशानी होती थी. नियमित होने के बाद ट्रेन तय समय पर चलेगी और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी. इससे यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा और सफर ज्यादा आरामदायक होगा.

मुंबई जाने वाली इकलौती ट्रेन

रीवा से मुंबई के लिए यह एकमात्र सीधी ट्रेन है. इसके नियमित होने की मांग ट्रेन शुरू होने के बाद से ही की जा रही थी. सांसद जनार्दन मिश्रा लगातार इस मुद्दे को उठा रहे थे ताकि ट्रेन के फेरे बढ़ाए जा सकें और इसे स्थायी तौर पर चलाया जा सके. अब रेलवे ने इस मांग को मान लिया है.

Advertisement

रीवा बनेगा अहम रेलवे जंक्शन

सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि रीवा तेज़ी से रेलवे के नक्शे पर उभर रहा है. आने वाले समय में रीवा एक अहम जंक्शन के रूप में नजर आएगा. उन्होंने बताया कि रेल मंत्रालय ने रीवा‑मिर्जापुर रेलवे लाइन के प्रस्ताव पर भी सहमति दे दी है, जो अगले बजट में दिखाई दे सकती है.

ललितपुर‑सिंगरौली रेल लाइन का काम तेजी से चल रहा है. पन्ना से सतना की ओर काम ने रफ्तार पकड़ ली है, वहीं सतना की तरफ से देवेंद्र नगर से आगे तक पटरी बिछ चुकी है. ये सभी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी.

Advertisement

रीवा से सीधी तक जल्द दौड़ेगी ट्रेन

रीवा से गोविंदगढ़, बघवार और चुरहट होते हुए सीधी तक रेलवे लाइन बिछाने का काम भी अंतिम चरण में है. उम्मीद है कि इस साल दिसंबर तक पटरी बिछ जाएगी और जल्द ही इस रूट पर ट्रेन चलने लगेगी. इससे रीवा और आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी.