Madhya Pradesh-Chhattisgarh Breaking News in Hindi: मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़ की प्रमुख हलचलें आज कई मोर्चों पर दिखेगीं. भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में 16 मार्च को कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्धजनों का अभिमुखीकरण होगा, वहीं इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में 16 मार्च से 5 मई तक गेहूं खरीदी शुरू रहेगी. दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ के धमतरी में एचपीवी टीकाकरण अभियान होगा और छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत होने वाली है.
कार्यक्रम और खरीदी अपडेट
कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत होने वाले अभिमुखीकरण में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, सहकारिता और पशुपालन विभाग अपनी योजनाओं व गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण करेंगे. विशेष सत्र सुबह 11 से 12:30 बजे तक रहेगा, जबकि दोपहर 2 बजे सीएम डॉ. यादव किसान कल्याण पर संबोधित करेंगे और अधिकारियों के संग प्रश्नोत्तर होगा. साथ ही, प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में गेहूं खरीदी 16 मार्च से 5 मई तक चलेगी, जिससे रबी विपणन सीजन की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है.
छत्तीसगढ़ में मुख्य आयोजन
धमतरी जिला अस्पताल में 16 मार्च 2026 से एचपीवी वैक्सीनेशन शुरू होगा, जिसमें 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की पात्र किशोरियों को टीका निःशुल्क दिया जाएगा. उधर, छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की 12वीं की सैद्धांतिक परीक्षाएं 16 मार्च 2026 से और 10वीं की 17 मार्च 2026 से एक ही पाली में सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक होंगी. इसी बीच, मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद 16 मार्च 2026 को बार काउंसिल चुनाव के लिए प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित करेगी.
चैत्र नवरात्रि: मां शारदा धाम में बढ़ाया 15 ट्रेनों का स्टॉपेज, भक्तों को मिलेगी सुविधा
चैत्र नवरात्रि के मौके पर मैहर स्थित मां शारदा धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है. रेल मंत्रालय ने 18 मार्च से 1 अप्रैल तक मैहर स्टेशन पर 15 जोड़ी यानी कुल 30 एक्सप्रेस ट्रेनों को 5-5 मिनट का अस्थायी स्टॉपेज देने की घोषणा की है. सामान्य दिनों में न रुकने वाली कई ट्रेनों को भी इस अवधि में ठहराव मिलेगा. भीड़ को देखते हुए ठहराव समय 2 से बढ़ाकर 5 मिनट किया गया है, ताकि बुजुर्गों और बच्चों के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों को चढ़ने-उतरने में परेशानी न हो. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ और जीआरपी की अतिरिक्त टीमें भी तैनात की जाएंगी. डाउन दिशा में एलटीटी-गोरखपुर, एलटीटी-छपरा, एलटीटी-रक्सौल, एलटीटी-अयोध्या कैंट, एलटीटी-रांची, एलटीटी-गुवाहाटी, चेन्नई-छपरा, वलसाड-मुजफ्फरपुर, सूरत-छपरा, पुणे-गोरखपुर, पुणे-बनारस, पूर्णा-पटना, दुर्ग-नवतनवा, सीएसएमटी-कोल्हापुर और बांद्रा टर्मिनस-पटना जैसी ट्रेनों को ठहराव दिया गया है. वहीं अप दिशा में इनकी वापसी वाली ट्रेनें जैसे गोरखपुर-एलटीटी, छपरा-एलटीटी, रक्सौल-एलटीटी, अयोध्या कैंट-एलटीटी, रांची-एलटीटी, गुवाहाटी-एलटीटी, छपरा-चेन्नई, मुजफ्फरपुर-वलसाड, छपरा-सूरत, गोरखपुर-पुणे, बनारस-पुणे, पटना-पूर्णा, नवतनवा-दुर्ग, कोल्हापुर-सीएसएमटी और पटना-बांद्रा टर्मिनस मैहर स्टेशन पर रुकेंगी.
मंडी में समर्थन मूल्य और भुगतान को लेकर भड़के अन्नदाता, गेहूं बेचने से किया इंकार
देवास की अनाज मंडी में सोमवार सुबह किसानों ने समर्थन मूल्य और भुगतान व्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा कर दिया. किसानों का आरोप था कि उनके गेहूं की बोली सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य से कम, यानी 2625 रुपये से नीचे लगाई जा रही है, जबकि भुगतान कैश या आरटीजीएस से होगा, इसकी भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई. नाराज किसानों ने मंडी में माल बेचने से साफ इनकार कर दिया. सुबह 10 बजे से समर्थन मूल्य पर खरीद का इंतजार करने के बावजूद मंडी में 2200 से 2300 रुपये तक का भाव लग रहा था. विरोध बढ़ने पर तहसीलदार सपना शर्मा मौके पर पहुंचीं और किसानों व मंडी प्रशासन के बीच समझाइश की कोशिश की, लेकिन किसान कम दाम पर गेहूं बेचने को तैयार नहीं हुए. स्थिति लंबे समय तक तनावपूर्ण बनी रही और किसान उचित मूल्य मिलने की मांग पर अड़े रहे.
बम धमाके से जबलपुर जिला न्यायालय में अफरा-तफरी, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
जबलपुर जिला न्यायालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जिला एवं सत्र न्यायालय के कोर्ट नंबर दो के सामने अचानक जोरदार आवाज के साथ बम फट गया, जिससे पूरे परिसर में सनसनी फैल गई. विस्फोट की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. जिला न्यायालय परिसर और आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. वहीं जिला अधिवक्ता संघ ने सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है.
गरियाबंद में 5 तहसीलदारों का तबादला
गरियाबंद में कलेक्टर बीएस उइके ने प्रशासनिक व्यवस्था के तहत जिले के पांच तहसीलदारों का तबादला करते हुए तत्काल प्रभाव से आदेश लागू कर दिया है. फिंगेश्वर की तहसीलदार डिम्पल ध्रुव को राजिम भेजा गया है, जबकि मैनपुर के तहसीलदार रमेश मेहता को फिंगेश्वर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. राजिम के तहसीलदार मयंक अग्रवाल को छुरा पदस्थ किया गया है. अमलीपदर के सुशील कुमार भोई को मैनपुर भेजा गया है, वहीं छुरा के तहसीलदार गेंद लाल साहू को अमलीपदर का प्रभार दिया गया है. साथ ही सुशील भोई का वेतन भू-अभिलेख शाखा गरियाबंद से ही आहरित होगा.
इंदौर में बदमाशों ने खड़ी कार में लगाई आग, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई, जहां एक अज्ञात बदमाश खड़ी कार पर पेट्रोल डालकर आग लगाकर फरार हो गया. घटना थाना परिसर के पीछे वाली गली में रात करीब 2:45 बजे हुई और पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें आरोपी बाइक से आता, कार में आग लगाता और भागता हुआ दिख रहा है. पीड़ित कपिल, जो बॉम्बे अस्पताल के पास पान की दुकान चलाते हैं, ने बताया कि उनकी कार गली में खड़ी थी तभी आरोपी ने उसे निशाना बनाया. कार में उठी लपटें देखकर स्थानीय लोग बाहर आए और आग बुझाने की कोशिश की. रहवासियों का कहना है कि पुलिस को सूचना दी गई थी और पुलिस मौके पर पहुंची भी थी, जबकि विजय नगर पुलिस इस सूचना से इनकार कर रही है. फिलहाल घटना की जांच जारी है.
चिकलाना ड्रग्स फैक्ट्री मामला: मास्टरमाइंड दिलावर खान को वन विभाग की टीम ने रिमांड पर लिया
रतलाम के चिकलाना ड्रग्स फैक्ट्री मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है, जहां वन विभाग ने मास्टरमाइंड दिलावर खान को कोर्ट से दो दिन की रिमांड पर लिया है. दिलावर के घर पर छापे के दौरान राष्ट्रीय पक्षी मोर और बड़ी मात्रा में चंदन की लकड़ियां मिली थीं, जिनकी जांच के लिए यह रिमांड ली गई है. यह वही मामला है जिसमें 16 जनवरी को पुलिस ने चिकलाना गांव स्थित उसके मकान पर दबिश देकर 11 किलो MD ड्रग्स सहित 15 करोड़ रुपये का नशीला सामान जब्त किया था. अब तक 17 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि 10 से अधिक फरार हैं. ड्रग्स फैक्ट्री में तैयार MD ड्रग्स रतलाम से मुंबई के पबों में सप्लाई होती थी, जिससे पूरे प्रदेश के ड्रग नेटवर्क में हड़कंप मच गया था.
भोपाल में सीएम यादव का संबोधन, कहा- ग्रामीण क्षेत्रों में होम स्टे रोजगार का बेहतर साधन बना
भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होम स्टे एक प्रभावी रोजगार साधन बनकर उभरा है, खासतौर पर धार्मिक स्थलों पर इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है. उन्होंने प्रबोद्धन कार्यक्रम को अद्भुत बताते हुए कहा कि विभिन्न विभाग सरल तरीके से यह प्रस्तुत कर रहे हैं कि कृषि क्षेत्र का विकास कैसे हो रहा है. सीएम ने बताया कि देश में केवल उनकी सरकार ही किसानों को पांच रुपये में बिजली कनेक्शन दे रही है. उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता है ताकि लाभ सीधे अन्नदाताओं तक पहुंचे. मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य कृषि आधारित है और अगले पांच वर्षों में सौ लाख हेक्टेयर भूमि संचित की जाएगी. दूध उत्पादन बढ़ाने, वृंदावन गांव योजना के फायदे, नरवाई न जलाने और भूसा गौशालाओं में भेजने जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने जोर दिया. सरकार किसानों को भूसा बनाने की मशीनें उपलब्ध कराएगी. सीएम ने घोषणा की कि प्रत्येक विधानसभा में कृषि सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें किसानों को जानकारी दी जाएगी और उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों व पशुपालकों को सम्मानित किया जाएगा. हर विधानसभा को इसके लिए पांच लाख रुपये दिए जाएंगे.
इंदौर किन्नर कांड में फरार आरोपी अक्षय कुमार को पुलिस ने पकड़ा
पेपर लीक के विरोध में NSUI का माध्यमिक शिक्षा मंडल का किया घेराव
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में NSUI ने 12वीं CG बोर्ड हिंदी पेपर लीक मामले को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल का घेराव किया, जहां प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल के नेतृत्व में PTRSU अध्यक्ष पुनेश्वर लहरे और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में नारे लगाते रहे. हंगामे के बाद मंडल अधिकारी बाहर आए और जांच कराने का आश्वासन दिया. हेमंत पाल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो NSUI उग्र आंदोलन करेगी.
MD ड्रग्स मामले में देवास पुलिस का बड़ा खुलासा, 14 आरोपी गिरफ्तार
देवास पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए MD ड्रग्स तस्करी का पर्दाफाश किया और 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके पास से लाखों की MD ड्रग्स, 14 मोबाइल फोन, एक कार और एक बाइक सहित लगभग 10 लाख रुपये का सामान जब्त किया. मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया. उन्होंने बताया कि शहर में अवैध ड्रग्स सप्लाई की जानकारी मिल रही थी, जिसके आधार पर की गई कार्रवाई में यह सफलता मिली है. पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और सप्लाई के स्रोत तथा जुड़े लोगों की जानकारी खंगाली जा रही है.
कलकत्ता फ्लावर डेकोरेशन गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
सतना जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब नगर निगम कार्यालय के पास स्थित कलकत्ता फ्लावर डेकोरेशन के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे फ्लावर डेकोरेशन का सामान, थर्माकोल, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री को चपेट में ले लिया, जिससे घना धुआं पूरे इलाके में फैल गया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की, लेकिन तेजी से फैलती लपटों के कारण गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच फिलहाल जारी है.
Bhojshala Case: भोजशाला का निरीक्षण करने खुद जाएंगे जज
धार जिले के भोजशाला मामले में हाईकोर्ट की इंदौर बेंच (Madhya Pradesh High Court, Indore Bench) अब 2 अप्रैल को सुनवाई करेगी. आज हुई सुनवाई के पक्ष और विपक्ष की ओर से आए सुझावों को सुना गया. इस दौरान कोर्ट ने स्वयं स्थल पर जाकर निरीक्षण करने कि बात कही है. बेंच का कहा है कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि इस मामले में जल्द से जल्द सुनवाई कर फैसला किया जाए. 2 अप्रैल को सुनवाई से पहले कोर्ट स्पॉट जाएगा, जिसमें किसी अन्य को आने की अनुमति नहीं दी गई है. बता दें कि इस मामले में 5 पेटिशन साथ चल रही हैं.
बता दें कि 23 फरवरी को हुई सुनवाई में कोर्ट ने याचिकाकर्ता और प्रतिवादियों को ASI सर्वे रिपोर्ट पर दो हफ्ते के भीतर आपत्ति और सुझाव देने के निर्देश दिए थे. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने हाईकोर्ट के आदेश पर 22 मार्च 2024 से 100 दिन तक पूरे परिसर में जांच और सर्वे किया था. 22 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच को तीन हफ्ते के भीतर सुनवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे. पिछली सुनवाई में कोर्ट ने पाया की सर्वे रिपोर्ट पहले खोली जा चुकी है और उसकी प्रतियां याचिकाकर्ता को उपलब्ध की गई हैं, ऐसी स्थिति में रिपोर्ट को दोबारा कोर्ट के समक्ष खोलने की आवश्यकता नहीं है.
Chhattisgarh Hindi News: गरियाबंद में शराब फैक्ट्री पर छापा मारने गई पुलिस टीम पर पथराव
Illegal Liquor Factory in Gariyaband: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. बिन्द्रा नवागढ़ थाना क्षेत्र में स्थित दर्रीपारा कैंप से पुलिस कर्मी कोसमी गांव में अवैध शराब बनाने एवं बिक्री की जानकारी मिलने पर कार्रवाई करने गए थे. ग्रामीणों के हमले में 3 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि एक को रायपुर रेफर किया गया है. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों की गिरफ्तार किया है. आरोपियों के नाम भैय्या लाल देवंशी , गोरेलाल देवंशी , उत्तम देवंशी और गोलू देवंशी हैं.
एमपी के 22.5 लाख पेंशनभोगियों को बड़ा झटका, पेंशन राशि बढ़ाने की मांग केंद्र ने ठुकराई
मध्य प्रदेश के 22.5 लाख पेंशनर्स को बड़ा झटका लगा है, NSAP के तहत दी जाने वाली पेंशन में बढ़ोतरी नहीं की जाएगी. केंद्र सरकार ने नीति आयोग की सिफारिश ठुकरा दी है. मध्य प्रदेश के करीब 22.5 लाख बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग पेंशनभोगियों को बड़ा झटका माना जा रहा है. केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के तहत दी जाने वाली पेंशन राशि में बढ़ोतरी इनकार किया है. ग्रामीण विकास मंत्रालय ने राज्यसभा में लिखित जवाब में कहा है कि फिलहाल NSAP पेंशन राशि बढ़ाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है. फैसला तब आया है जब नीति आयोग और कई मूल्यांकन अध्ययनों ने स्पष्ट सिफारिश की थी कि सहायता राशि बढ़ाई जाए और भुगतान व्यवस्था को मजबूत किया जाए.
नीति आयोग की रिपोर्ट में कहा गया था कि पेंशन राशि को कम से कम 1000-1200 रुपये तक बढ़ाने से गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन आसान होगा, लेकिन केंद्र ने इसे खारिज कर दिया.
CM Mohan Yadav Meets PM Modi: पीएम मोदी से सीएम ने की मुलाकात
Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज दिल्ली के दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है, जिसकी जानकारी उन्होंने एक्स की पर भी दी है. उन्होंने लिखा, "आज नई दिल्ली में पीएम मोदी से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया. इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी को प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत हो रहे कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं राज्य की प्रगति से अवगत कराया."
जवासा रोड पर खेत में मिला 25 वर्षीय महिला का शव
मध्य प्रदेश के नीमच जिले में सोमवार सुबह एक किसान के खेत में महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. खेत मालिक अपने खेत पर पहुंचा तो उसे खेत में एक महिला का शव पड़ा दिखाई दिया. इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही जवासा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मृतका की पहचान फूल कुंवर (25) पिता कालू सिंह के रूप में हुई है, जो चल्दू गांव की रहने वाली थी.
Madhya Pradesh Hindi News: ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 3 युवकों की मौत
Chhindwara Tractor Trolley Accident: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के दमुआ थाना क्षेत्र स्थित झिरीघाट के पास सोमवार तड़के 5 से 6 बजे के बीच रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसमें दबकर चालक सहित 3 युवकों की मौत हो गई है, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है. थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम के अनुसार, हादसा सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच दमुआ क्षेत्र के झिरीघाट के पास हुआ. रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रास्ते से गुजर रही थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए.
घटना की सूचना मिलते ही दमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकाला. तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. ट्रैक्टर चालक रंजू उइके और मोहन वट्टी के रूप में हुई है. इसके अलावा सेमरकुही की भी इस हादसे में मौत हुई है. मांडई गांव निवासी प्रार्थी अरविंद गरगाम (29) पिता सबरलाल गरगाम की रिपोर्ट पर थाना दमुआ में मर्ग कायम किया गया है.
Madhya Pradesh Hindi News: जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़ीं महिलाएं, सिंगरौली में बढ़ रहा खतरनाक ट्रेंड
Women Climb on Mobile Tower: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में इन दिनों एक खतरनाक ट्रेंड तेजी से बढ़ता दिख रहा है. कभी युवक तो कभी महिलाएं, अपनी मांग मनवाने या विरोध जताने के लिए सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ जा रहे हैं. ताजा मामला गोरबी से सामने आया है, जहां दो महिलाएं अचानक एक मोबाइल टावर पर चढ़ गईं और देखते ही देखते इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि अतिक्रमण कर बनाए गए घर को जिला प्रशासन की टीम ने ढहा दिया था, जिसके बाद ये महिलाएं नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढकर हाई बोल्टेज ड्रामा करने लगी. घंटों चले इस ड्रामा के बाद इन्हें पुलिस व प्रशासन की टीम ने किसी तरह मना कर नीचे उतारा.
Madhya Pradesh Hindi News: विवाहित महिलाओं ने खेला क्रिकेट, सिंदूर कप में खूब लगाए छक्के चौके
Women Played Cricket in Narsinghpur: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में अनोखे क्रिकेट का आयोजन हुआ. इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ी विवाहित महिलाएं थीं. भारतीय महिला टीम के वर्ल्ड कप जीतने से प्रेरित होकर ये आयोजन स्थानीय स्टेडियम ग्राउंड में किया गया, जिसका नाम सिंदूर कप (Sindoor Cup) रखा गया. जिले की छह महिला टीमों ने इसमें भाग लिया, जिसमें पुलिस, सोशल और शिक्षा विभाग की टीम सहित निजी स्कूल की शिक्षिकाओं ने भी अपने हुनर पिच पर आजमाए. दो दिन चले इस आयोजन में शिक्षा और पुलिस विभाग की महिलाओं के बीच फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें जोरदार रनों की बारिश हुई. कहीं महिला पुलिस की टीम पर शिक्षिकाएं भारी पड़ीं तो कहीं शिक्षिकाओं पर पुलिस की टीम. आखिरकार इस दिलचस्प मुकाबले में पुलिस इलेवन ने बाजी मारी. आयोजन ने महिलाओं को घर से बाहर निकलकर आउटडोर गेम्स से जोड़ने और फिट रखने की कोशिश की है, जिसमें शामिल होकर महिलाओं ने अपने बचपन को याद किया.
Chaitra Navratri: हरसिद्धि मंदिर में चैत्र नवरात्रि की तैयारी शुरू
19 मार्च से शुरू हो रही चैत्र नवरात्रि (Chaitra Navratri) को लेकर मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित प्रसिद्ध हरसिद्धि माता मंदिर (Shree Harsiddhi Mata mandir) में तैयारियां शुरू हो गई हैं. यहां घट स्थापना 27 मार्च तक चलने वाले पर्व पर देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. चैत्र नवरात्रि के चलते मां शक्तिपीठ हरसिद्धि की 9 दिवसीय विशेष पूजा प्रारंभ होगी. पहले दिन घट स्थापना से पर्व शुरू होगा, फिर 27 मार्च तक क्रमानुसार नौ देवियों की पूजा की जाएगी. पर्व पर मंदिर परिसर स्थित विशाल दीपमालाएं भी प्रज्वलित की जाएगी, जिसकी भी तैयारी शुरू हो गई है. महंत गिरी ने नौ दिन किस माता की कब कैसे पूजा कर किस खाद्य पदार्थ का भोग लगाना चाहिए और किस मंत्र का जाप करना चाहिए भी बताया। साथ ही इसके लाभ भी बताएं.
Satna Hindi News: दबंग की धमकियों से सहमा परिवार
Madhya Pradesh Hindi News: सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र के जमोडी गांव में दबंग के उत्पीड़न से परेशान एक परिवार को अपना गांव छोड़कर रिश्तेदार के यहां शरण लेने को मजबूर होना पड़ा. पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है. जानकारी के अनुसार, जमोडी गांव निवासी फरियादी मुनिया केवट (40) पति स्वर्गीय विजय केवट अपने बेटों हेमराज केवट और उमा केवट के साथ रविवार शाम कोलगवां थाने पहुंचीं.
उन्होंने गांव के ही सुरेंद्र सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि वह लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहा है और आए दिन जान से मारने की धमकी देता है. पीड़ित परिवार का कहना है कि कुछ दिन पहले भी इस मामले की सूचना डायल 112 को दी गई थी. पुलिस के मौके पर पहुंचने के बावजूद आरोपी का व्यवहार नहीं बदला और उसने पुलिस के सामने ही हमला करने की कोशिश की थी. इस घटना के बाद से परिवार लगातार भय के माहौल में जी रहा था.
Madhya Pradesh Congress Meeting: दिल्ली में मध्य प्रदेश कांग्रेस की होने वाली हैं कई बैठकें, लिए जाएंगे बड़े फैसले
Congress Meeting in Delhi: दिल्ली में मध्य प्रदेश कांग्रेस की बड़ी बैठक होने वाली है. दोपहर 1 बजे बैठक में प्रदेश प्रभारी और पीसीसी चीफ शामिल होंगे. दिल्ली में तीन दिन तक अलग-अलग बैठकें होंगी. सोमवार को शाम 4 बजे AICC में संगठनात्मक और मंगलवार को मैराथन बैठक होगी. दिल्ली में कांग्रेस की दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक मीटिंग होगी, जिसमें प्रभारी सचिवों से प्रभार वाले संभाग की रिपोर्ट ली जाएगी. इस मीटिंग में महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, यूथ कांग्रेस, सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल होंगे. भविष्य को लेकर रणनीति बनाई जाएगी, बैठक में जिला कार्यकारिणी घोषित होने में देरी का मुद्दा उठ सकता है. अभी तक सिर्फ 10 फीसदी जिलों की कार्यकारिणी घोषित हुई है.
Madhya Pradesh Hindi News: सीधी में रिश्वत लेते पकड़ा गया पटवारी
Lokayukta Police Arrest Patwari for Taking Bribe: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में लोकायुक्त पुलिस रीवा ने कार्रवाई करते हुए पटवारी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है. उसने बारिसाना और नामांतरण के नाम पर 50 हजार रुपेय की मांग की थी. गोपद बनास तहसील के हल्का पटवारी मिर्चवार के पटवारी मुनेंद्र सिंह भदोरिया ने रिश्वत के 25 हजार पहले ले लिए थे, फिर 5 हजार लिए जा रहे थे.
तपती गर्मी में सागर के युवा किसान ने उगा दी सर्दी की फसल
Vegetable Cultivation in Summer: मध्य प्रदेश के सागर जिले के एक युवा किसान ने अपनी अनोखी खेती तकनीक से सबको चौंका दिया है.आमतौर पर सर्दियों में उगने वाली सब्जियों को अब वह मई-जून की भीषण गर्मी में भी सफलतापूर्वक उगा रहे हैं. इस नवाचार के जरिए न केवल खेती की लागत कम हो रही है बल्कि किसानों के लिए लाखों रुपए कमाने का रास्ता भी खुल रहा है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Madhya Pradesh Hindi News: शिवपुरी पुलिस ने किया एक करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा
Shivpuri Cyber Fraud: शिवपुरी जिले की पिछोर पुलिस ने साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा किया है. आरोपी लोगों को डिजिटल अरेस्ट और अश्लील वीडियो को वायरल करने के नाम पर धमकी देकर पैसा वसूलने का काम करते थे. पुलिस ने इस नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Bhojshala Dispute Case: भोजशाला विवाद में ASI सर्वे रिपोर्ट पर आज होगी सुनवाई
Bhojshala-kamal Maula Mosque Dispute: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट (Madhya Pradesh High Court) की इंदौर (Indore) पीठ में सोमवार को लंबे समय से चले आ रहे भोजशाला विवाद पर आज एक अहम सुनवाई है. ये पूरी मामला कमाल मौला मस्जिद और भोजशाला की ऐतिहासिक इमारत से जुड़ा है, जो फिलहाल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के संरक्षण में है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Rajnandgaon Hindi News: महिला समूह से 8.85 लाख की धोखाधड़ी
Pragya Mahila Sw Sahayata Samuh Fraud: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के डोंगरगांव थाना पुलिस ने एक महिला स्व-सहायता समूह से 8.85 लाख रुपये की धोखाधड़ी और गबन के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है. महिला दो सालों से फरार चल रही थी. यह मामला राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम करेठी का है और 'प्रज्ञा महिला स्व-सहायता समूह' से जुड़ा है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
फिंगेश्वर से कृषि कॉलेज हटाने पर गरमाई सियासत
Phingeshwar Agricultural College News: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के गरियाबंद (gariyaband) जिले के फिंगेश्वर में पिछले 8 वर्षों से संचालित कृषि महाविद्यालय को किरवई स्थानांतरित करने के फैसले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. इस मामले में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने सरकार के इस कदम की कड़ी निंदा करते हुए इसे जनता के साथ अन्याय बताया है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Chhattisgarh Hindi News: कारोबारी पार्टनर पर किया चाकू से हमला
Balrampur Attack: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सैलून का पार्टनरशिप में काम करने को लेकर विवाद हो गया. युवक ने मात्र 4 हजार रुपये को लेकर पार्टनर पर प्राण घातक हमला कर दिया. हेयर कटिंग वाला ट्रिमर से सिर पर वार किया, जिससे उसके 5 टांके आए हैं. स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए तत्काल कुसमी स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया है. कुसमी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Madhya Pradesh Hindi News: देवास मिली अवैध पटाखा फैक्ट्री
Illegal Firecrackers Factory in Dewas: देवास जिले के दूरस्थ उदयनगर थाना क्षेत्र के पोलखाल जंगल में अवैध गतिविधि का बड़ा मामला सामने आया है. पोलाखाल के घने जंगल में टीन शेड के नीचे पटाखों की दो अवैध फैक्ट्रियां संचालित हो रही थीं. सूचना के बाद रविवार दोपहर पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत के निर्देशन में एडिशनल एसपी एच एन बाथम उदयनगर थाना प्रभारी सी एल रायकवार व बीडी वीरा ने पुलिस टीम के यहां दबिश दी. जहां मौके से हजारों की संख्या में सुतली बम और बारूद से भरे पैकेट मिले. इसके अलावा पटाखे तैयार करने में उपयोग होने वाले कागज, धागे, केमिकल और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं.
Old Lady Burn Alive to Death: फ्रिज में ब्लास्ट से घर में लगी आग, बुजुर्ग महिला की जलकर मौत
Bilaspur House Caught Fire after Fridge Blast: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक घटना घट गई. फ्रिज में ब्लास्ट होने से मकान में भीषण आग लग गई, जिसमें बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई. सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह गांव में देर रात में जोरदार धमाके के बाद घर में आग फैल गई. इस दौरान 57 वर्षीय जया अग्रवाल को घर से निकलने का मौका नहीं मिला, जिससे वह आग की चपेट में आ गईं. स्थानीय लोगों और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया. प्रारंभिक जांच में फ्रिज ब्लास्ट से हादसे की आशंका जताई गई है, हालांकि, पुलिस जांच में जुटी है.
MP Board Result: 14 अप्रैल तक आ सकता है परिणाम
Madhya Pradesh 10th-12th Board Result 2026: मध्य प्रदेश बोर्ड परीक्षा का परिणाम को लेकर संभावित तारीख सामने आ गई है. बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल तक 10वीं-12वीं का रिजल्ट आ सकता है. दोनों कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का 70% मूल्यांकन हो चुका है. अप्रैल के पहले हफ्ते में परिणाम तैयार हो जाएगा. कॉपी जांचने के लिए लगभग 18 हजार शिक्षकों को लगाया गया है.
व्यापारी को पत्नी के सामने पीटा, अपहरण की कोशिश
ग्वालियर के बहोडापुर थाना इलाके में पुलिस मुखबिरी के शक में पत्नी के सामने व्यापारी से मारपीट और अपहरण का प्रयास किया गया. घटना भी सीसीटीवी में कैद हो गई है. बाइक सवार तीन युवकों ने सोनू खान से मारपीट की है. इसके बाद बाइक पर अपहरण करके ले जाने का प्रयास किया, भीड़ को देख भाग गए. बदमाशों का शक है कि उनके पिता की गिरफ्तारी में सोनू खान ने ही पुलिस के लिए मुखबिरी की है. मारपीट करने वाले युवक के परिचित है. सोनू ने पुलिस से शिकायत की है. पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अमीन खान, फरीद खान और जीशान खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
CG News in Hindi: हिंदी पेपर लीक मामले में आज NSUI का प्रदर्शन
Class-12th Hindi Paper Leak of Chhattisgarh Board: छत्तीसगढ़ बोर्ड की कक्षा-12वीं का हिंदी पेपर लीक होने का मामला सामने आया है. बोर्ड परीक्षा के एक दिन पहले यह पेपर लीक हुआ है. बता दें कि हिंदी का पेपर 14 मार्च को था, लेकिन पेपर 13 मार्च की रात को ही लीक हो गया था. अब एनएसयूआई (NSUI) ने आज यानी सोमवार को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल का घेराव करने की बात कही है. हिंदी का प्रश्न पत्र वॉट्सऐप पर वायरल होने का आरोप है. NSUI ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
CG Congress Protest: सचिन पायलट समेत कांग्रेस नेता करेंगे छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव
Chhattisgarh Vidhan Sabha Congress Protest: छत्तीसगढ़ विधानसभा का कांग्रेस मंगलवार को घेराव करेगी. "मनरेगा बचाओ संग्राम" समेत कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी. कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे शंकर नगर स्थित भारत माता चौक से विधानसभा की ओर कूच करेंगे. प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी समेत कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट भी घेराव में शामिल होंगे.
Madhya Pradesh Hindi News: भोपाल में महिलाओं ने ट्रैफिक कॉन्स्टेबल के साथ की मारपीट
Bhopal Traffic Police Constable: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोलार स्थित डी-मार्ट के सामने उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रैफिक सिपाही और रेलवे की महिला कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हो गई. विवाद की शुरुआत रेलवे कर्मियों की बस रोकने को लेकर हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने महिला कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और मारपीट की. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Chhattisgarh Weather Forecast: छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट
CG News in Hindi: छत्तीसगढ़ में मार्च में ही तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है. दिन में तेज धूप से सड़कें अभी से ही सूनी होने लगी है. सबसे ज़्यादा तापमान राजनांदगांव में 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने राहत की खबर दी है कि अगले एक-दो दिन में आंधी के साथ बूंदाबांदी (Rain In Chhattisgarh) होने की संभावना है. इसके अलावा आज रायपुर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 25 डिग्री का अनुमान जताया.
Chhattisgarh Hindi News: प्रार्थना सभा आयोजित करने बढ़ा विवाद, शांति-व्यवस्था भंग होने पर 6 गिरफ्तार
Janjgir Champa Hindi News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित (Organization of Prayer Meeting) करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिला सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति बनने पर यह कार्रवाई की गई है. पुलिस द्वारा समझाने पर भी प्रार्थना सभा वाले उत्तेजित हो गए थे, जिनका आसपास रहने वाले लोगों से भी विवाद हुआ था. इससे अशांति का माहौल बन गया. खरौद गांव के तिवारी पारा में आयोजित प्रार्थना सभा में शिवरीनारायण पुलिस ने कार्रवाई की है.
MP News in Hindi: धार में आग लगने से 20-25 बीघा गेंहू की फसल राख
Wheat Crops Burnt in Dhar: मार्च माह में लगातार बढ़ते तापमान के कारण किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है. गर्मी और सूखे हालात के बीच खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आ रही हैं. धार जिले के राजोद क्षेत्र में एक किसान की 20 से 25 बीघा गेहूं की गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई. अचानक लगी आग ने विकराल रूप ले लिया. कुछ ही देर में पूरी खड़ी फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसान को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के किसान बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. किसानों ने ट्रैक्टर और अन्य साधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की. वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया.
MP Weather News: मध्य प्रदेश में मिल सकती है गर्मी से राहत
Madhya Pradesh Weather Forecast: मध्य प्रदेश में मार्च महीने में ही भीषण गर्मी शुरू हो गई है. कई जिले ऐसे हैं, जहां पारा 40 डिग्री के पार (Temperature) हो गया है. हालांकि, कुछ राहत की भी खबर सामने आई है. मौसम विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से 16 मार्च यानी सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने वाला है. एमपी के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. 17 और 18 मार्च को आईएमडी (IMD) ने बारिश की संभावना (Rain Alert) जताई है. रीवा, मैहर, सीधी, कटनी, उमरिया, अनूपपुर, सतना, मंडला, शहडोल, सिंगरौली, मऊगंज, बालाघाट, डिंडोरी और पन्ना में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. मौसम बदलने के कारण लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत मिल संभावना है.