मैहर जिले के नादन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिगरा ओवरब्रिज के पास रीवा-मैहर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-30) पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद पूरे विंध्य क्षेत्र में शोक की लहर है.
जानकारी के अनुसार, सभी लोग अमरपाटन जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल का जन्मदिन मनाकर एसयूवी कार से मैहर की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान रिगरा ओवरब्रिज के पास उनकी तेज रफ्तार कार सामने चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए. घटना के संबंध में प्रथम दृश्या जो बात निकल कर आई है, उसमें किसी भी व्यक्ति ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी.
इन लोगों की गई जान
इस गंभीर हादसे में अंकुर पटेल (39) पिता स्व. गोविंद प्रसाद पटेल निवासी तनाजा, मृदुल पटेल (32) पिता महेंद्र पटेल निवासी तनाजा, विजय पटेल (32) पिता नागेंद्र पटेल निवासी तनाजा, हरिशंकर पटेल (28) पिता नागेंद्र पटेल निवासी तनाजा तथा संजीव कुमार पटेल (23) पिता स्व. संजय पटेल निवासी नरोरा, थाना कोतवाली मैहर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, कार में सवार एक अन्य युवक ओम पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है.
पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
भीषण सड़क हादसे के बाद पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली. पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से हादसे के कारणों, सड़क की स्थिति, वाहनों की गति और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष एवं गहन जांच के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें. पुलिस प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है.
पूर्व विधायक के परिवारिक सदस्य हैं मृतक
बताया जा रहा है कि मृतकों का संबंध पूर्व विधायक लालजी पटेल के तनाजा गांव स्थित परिवार से है. एक ही परिवार के पांच सदस्यों की असमय मौत से तनाजा गांव, अमरपाटन और आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक व्याप्त है. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही नादन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
दर्दनाक सड़क हादसे की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सीट बेल्ट का उपयोग न करना हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है. जानकारी के अनुसार, तेज गति से चल रही कार सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी, जिससे टक्कर इतनी भीषण हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि पूरा परिवार जन्मदिन का जश्न मनाकर वापस लौट रहा था. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि खुशियों से भरा यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा. देखते ही देखते हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार और मातम में बदल गया. इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और मृतकों के परिजनों के घरों में कोहराम मचा हुआ है.