MP के टीकमगढ़ में सनसनीखेज वारदात: जमीनी विवाद में बुजुर्ग किसान दंपति की हत्या, अपनों पर ही शक

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के दिगोड़ा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में दो एकड़ कृषि भूमि के विवाद को लेकर एक बुजुर्ग किसान दंपति की धारदार हथियार  और लाठियों से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात को परिवार के ही किसी व्यक्ति ने अंजाम दिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
टीकमगढ़:

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जहां शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग किसान दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित रामनगर गांव की है. मृतकों की पहचान 70 वर्षीय छेनू घोष और उनकी 70 वर्षीय पत्नी पनबाई के रूप में हुई है. रविवार सुबह दोनों के शव उनके खेत में बनी एक झोपड़ी के पास और सड़क किनारे अलग-अलग पोजीशन में लहूलुहान हालत में पड़े मिले.

खेत पर सोते समय हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग दंपति अपने खेत की रखवाली के लिए वहीं बनी एक झोपड़ी में रहते थे. जतारा के अनुसंभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अभिषेक गौतम ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने दंपति को निशाना बनाया. हमलावरों ने बुजुर्ग पति-पत्नी पर कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार और लाठियों से ताबड़तोड़ कई वार किए. हमला इतना भीषण था कि गंभीर चोटें आने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

Advertisement

सुबह ग्रामीण ने देखी लाशें, इलाके में फैला हड़कंप

यह पूरी घटना रविवार सुबह तब उजागर हुई जब एक स्थानीय ग्रामीण वहां से गुजरा और उसने दोनों के शवों को खून से लथपथ हालत में देखा. ग्रामीण ने तुरंत इस बात की सूचना अन्य ग्रामीणों और स्थानीय पुलिस को दी. बुजुर्ग दंपति की निर्मम हत्या की खबर फैलते ही पूरे रामनगर गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

2 एकड़ जमीन का विवाद बनी हत्या की वजह!

घटना की सूचना मिलते ही डिगोडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच और स्थानीय इनपुट्स के आधार पर पुलिस का मानना है कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे दो एकड़ कृषि भूमि को लेकर चल रहा पुराना विवाद और रंजिश है. सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आ रही है कि इस जघन्य हत्याकांड को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि कथित तौर पर परिवार के ही कुछ लोगों ने आपसी दुश्मनी के चलते अंजाम दिया है.

डिगोडा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है. वहीं, एसडीओपी अभिषेक गौतम ने कहा, "शुरुआती जांच जमीनी रंजिश की ओर इशारा कर रही है. हालांकि, हत्या की सटीक वजह और अन्य तथ्य पूरी और विस्तृत जांच के बाद ही साफ हो पाएंगे. आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं." फिलहाल पुलिस मृतक दंपति के परिजनों और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस खूनी खेल का सच जल्द से जल्द सामने आ सके. 

यह भी पढ़ें- एक पर‍िवार में पांच IPS: दादा को देख 2 पोती भी बनीं आईपीएस, मिनी शुक्ला को भोपाल की कमान

Topics mentioned in this article