Indore Crime News: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में 4 मार्च 2026 को जहां एक ओर होली का जश्न और रंगों की मस्ती छाई हुई थी, वहीं दूसरी ओर एक खूनी वारदात ने माहौल को दहला दिया. भंवरकुआं थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई.
भंवरकुआं इलाके में चाकूबाजी
जानकारी के मुताबिक घटना इंदौर के भंवरकुआं क्षेत्र की है. मृतक की पहचान आदित्य पिता जयराम जमरे निवासी शिव पार्वती नगर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि होली के दौरान तीन से चार युवकों के साथ उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने आदित्य पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने युवक की छाती और पेट पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद उसे तत्काल एमवाय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बनाई टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने चार संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है. बताया जा रहा है कि मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है, हालांकि फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.