भाई को बचाने के ल‍िए बहन ने लगाई जान की बाजी, भैया दूज की खुश‍ियां मातम में बदली 

Madhya pradesh News: मध्‍य प्रदेश के छतरपुर में भाई दूज के दिन तालाब में नहाते समय 7 वर्षीय अमित रैकवार डूब गया. उसे बचाने के लिए 12 वर्षीय बहन नैंसी रैकवार तालाब में कूदी, लेकिन भाई को बचा नहीं सकी. बहन गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. पूरे गांव में मातम छा गया.  

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

MP News: मध्‍य प्रदेश में 5 मार्च 2026 को भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का त्योहार मनाया जा रहा था. बहनों ने अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र की कामना की. लेकिन छतरपुर जिले से आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने भाई दूज की खुशियां मातम में बदल दी.

छतरपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरमऊ में गुरुवार सुबह तालाब में नहाने गए भाई-बहन डूब गए. इसमें 7 वर्षीय अमित रैकवार की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के लिए तालाब में कूदने वाली 12 वर्षीय बहन नैंसी रैकवार गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है.

जानकारी के अनुसार, अमित अपनी बड़ी बहन नैंसी और मां शकुंतला के साथ होली का त्यौहार मनाने महोबा जिले के पवा गांव से अपने मौसाजी छोटेलाल रैकवार के घर ग्राम पुरमऊ आया था.

गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे दोनों भाई-बहन गांव के पास स्थित तालाब में नहाने चले गए. नहाते समय अमित अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. अपने भाई को डूबते देख नैंसी तुरंत तालाब में कूद गई, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वह उसे नहीं बचा सकी और खुद भी डूबने लगी.

Advertisement

मामा पप्पू रैकवार ने बताया कि तालाब किनारे मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर दोनों को बाहर निकाला. लेकिन तब तक अमित की मौत हो चुकी थी. नैंसी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज जारी है.

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. जिस घर में भाई दूज की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.  

MP के कृषि विभाग में 8,000 से अधिक पद खाली; PCC चीफ जीतू पटवारी ने PM मोदी से पत्र लिखकर मांगी मदद

Advertisement