मध्‍य प्रदेश: रेलवे की जर्जर बिल्डिंग गिरी, एक कर्मचारी की मौत, दूसरा गंभीर घायल

Khandwa Railway Accident में जर्जर भवन गिरने से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ. घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Khandwa Railway Accident: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां रेलवे की एक जर्जर बिल्डिंग अचानक मौत बनकर टूट पड़ी. जानकारी के अनुसार, तीन पुलिया क्षेत्र में स्थित मीटरगेज के पुराने रेलवे भवन से स्क्रैप निकालने का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक इमारत का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया और वहां काम कर रहे कर्मचारी मलबे में दब गए.

मलबे में दबे कर्मचारी, मौके पर मचा हड़कंप

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया. जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाया गया और दबे हुए कर्मचारियों को बाहर निकालने की कोशिश की गई. हालांकि, जब तक कर्मचारियों को निकाला गया, तब तक एक की मौत हो चुकी थी.

Advertisement

मास्टर क्राफ्ट्स मैन शशिकांत की मौत

इस हादसे में रेलवे में पदस्थ मास्टर क्राफ्ट्स मैन शशिकांत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, सहायक कर्मचारी वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.

पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंच गई. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इतनी जर्जर और खतरनाक इमारत में बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के काम क्यों कराया जा रहा था. क्या संबंधित विभाग ने पहले से भवन की स्थिति का आकलन किया था? अगर किया था, तो सुरक्षा के उचित उपाय क्यों नहीं किए गए?

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

फिलहाल प्रशासन और रेलवे विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं. उम्मीद की जा रही है कि जांच रिपोर्ट के बाद इस हादसे की असली वजह सामने आएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: रायपुर में पाकिस्तानी युवक को जिंदा दफनाया, जान‍िए श्याम-सावित्री के प्यार में कैसे गई जान?

Advertisement
Topics mentioned in this article