VIDEO: ज्वेलर्स के साथ दिनदहाड़े चोरी, दो सेकेंड में बैग लेकर भागा बदमाश; CCTV में कैद हुई वारदात

खंडवा के हरसूद में दिनदहाड़े ज्वेलर्स से गहनों और नकद से भरा बैग 2 सेकंड में छीना गया. पूरी वारदात CCTV में कैद है, जिसमें एक बदमाश बैग झपटता दिखता है और साथी Pulsar बाइक पर भाग निकलता है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Khandwa Daylight Theft CCTV: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के हरसूद में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. दुकान बंद कर घर जा रहे एक ज्वेलर्स के हाथ से गहनों और रुपए से भरा बैग बदमाश दो सेकेंड में फरार हो गए. यह पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

दुकान बंद करते समय चोरी

हरसूद के बीच बाजार स्थित ज्वेलर्स की दुकान को बंद कर संचालक सुंदर सोनी घर जाने ही वाले थे कि अचानक एक युवक दौड़ता हुआ आया और उनके पास रखा बैग छीनकर भाग गया. बैग में कैश और सोने‑चांदी के आभूषण थे. सोनी मदद के लिए चिल्लाते रह गए, लेकिन इससे पहले कि कोई समझ पाता, लुटेरे का दूसरा साथी बाइक लेकर पहुंचा और दोनों मौके से फरार हो गए.

Advertisement

बीच बाजार घटना से दहशत 

इस वारदात को बाजार में मौजूद लोगों ने अपनी आंखों के सामने घटते देखा और सभी हैरान रह गए. बताया जा रहा है कि घटना से पहले दो संदिग्ध युवक पल्सर बाइक पर बाजार के आसपास घूमते दिखे थे. जैसे ही सोनी दुकान में ताला लगा रहे थे, एक आरोपी बैग झपटकर भागा और दूसरा बाइक सहित तैयार खड़ा था. दोनों बदमाश 2 सेकंड में आंखों से ओझल हो गए. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने इसे महत्वपूर्ण सुराग मानकर लुटेरों की पहचान और लोकेशन का पता लगाना शुरू कर दिया है. पुलिस टीम बाजार और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

सीसीटीवी बना बड़ा सबूत

पूरी घटना दुकान के बाहर लगे कैमरे में साफ नजर आ रही है. वीडियो में दिख रहा है कि जैसे ही दुकान मालिक ताला लगाते हैं, लुटेरा अचानक बैग पकड़कर भाग निकलता है और तुरंत बाद बाइक सवार साथी उसे लेकर भाग जाता है. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही दोनों आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और वारदात की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा.

ज्वेलर्स और व्यापारियों में बढ़ी चिंता

दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने हरसूद के व्यापारियों में चिंता बढ़ा दी है. ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़े कई लोगों ने जिला प्रशासन से बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और सक्रिय पुलिस गश्त की मांग की है.