Student Death in MP: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक सरकारी स्कूल की जर्जर दीवार अचानक गिर गई और उसकी चपेट में आकर 5वीं कक्षा में पढ़ने वाले 9 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. स्कूल परिसर में लापरवाही और लंबे समय से बदहाल पड़ी दीवार इस हादसे की वजह बताई जा रही है. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जर्जर दीवार गिरने से छात्र की मौत
कैमोर थाना क्षेत्र के तिलक चौक के पास स्थित बम्हनगवां शासकीय प्राथमिक शाला में यह हादसा उस समय हुआ, जब पुरानी बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई. इसी दौरान 9 वर्षीय राजकुमार बर्मन दीवार के पास मौजूद था और मलबे की चपेट में आ गया. गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई. आसपास मौजूद लोग इस हादसे से सकते में आ गए.
स्कूल पुराना, हमेशा बना रहता है खतरा
एएसपी संतोष डेहरिया के मुताबिक स्कूल का पुराना भवन काफी जर्जर हालत में था और बाथरूम का निर्माण भी सालों पुराना था. स्कूल अब नए भवन में शिफ्ट किया जा चुका है, लेकिन पुराने परिसर की मरम्मत न होने के कारण दीवार जोखिम का कारण बनी रही. हादसे के समय दीवार और जर्जर बाथरूम का हिस्सा किसी भी समय गिरने लायक हालत में था.
पुलिस जांच शुरू, नियमों के अनुसार होगी कार्रवाई
हादसे के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. छात्र का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच होगी और जिम्मेदारी तय होने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी.
परिजनों को मिलेगा मुआवजा
अधिकारियों ने कहा कि मृतक छात्र के परिजनों को शासन के नियमों व प्रावधानों के तहत मुआवजा दिया जाएगा. जिला प्रशासन ने भी मामले की जानकारी ली है और स्कूल परिसर की सुरक्षा खामियों को लेकर आगे कदम उठाने की बात कही है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.