Sharjah Indore Flight Cancel: इजरायल और अमेरिका के हमलों के बाद ईरान खाड़ी क्षेत्रों को निशाना बना रहा है. ईरान ने कतर, जॉर्डन के साथ साथ दुबई में भी लगातार हमले कर रहा है. इस बीच दुबई की मशहूर और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला हुआ. हमले के बाद दुबई के सभी एयरपोर्ट्स को बंद कर दिया गया है. यहां से आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दी गई हैं.
MP के 100 से ज्यादा यात्री दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर फंसे
इजराइल-ईरान जंग (Israel-Iran war) का असर मध्य प्रदेश के यात्रियों पर भी पड़ा है. दुबई के शारजाह से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-256 रद्द हो गई है. शनिवार की फ्लाइट IX255 (IDR–SHJ) और IX256 (SHJ–IDR) भी कैंसिल कर दी गई हैं. इससे मध्य प्रदेश के 100 से ज्यादा यात्री दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर फंस गए हैं. फंसे यात्रियों में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों के लोग शामिल हैं. इनमें बड़ी संख्या में परिवार, महिलाएं और बच्चे भी हैं.
फ्लाइट कैंसिल
जानकारी के मुताबिक, शारजाह से इंदौर के लिए फ्लाइट UAE टाइम के हिसाब से दोपहर 12:20 बजे निकलने वाली थी, लेकिन आखिरी मिनट में कैंसल कर दी गई. पैसेंजर्स को एयरपोर्ट पहुंचने पर इसकी जानकारी मिली. कई पैसेंजर्स पहले ही दुबई पहुंच चुके थे. शारजाह से इंदौर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स तय थीं. वो भी वहीं फंसे हुए हैं.
जीतू पटवारी ने पीएम से यात्रियों की स्वदेश वापसी की अपील की
हालांकि इस बीच पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सभी यात्रियों को स्वदेश वापसी की व्यवस्था कराएं जाने की अपील की है. जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा, 'दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर मध्य प्रदेश के 100 से अधिक नागरिक इजराइल ईरान युद्ध की स्थिति के कारण फंसे हुए हैं. महिलाएं, बच्चे और परिजन कई घंटों से असुविधा में हैं और उनकी फ्लाइट निरस्त होने के बाद चिंता की स्थिति और बढ़ गई है.
उन्होंने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री से आग्रह है कि तत्काल हस्तक्षेप कर मध्य प्रदेश के तथा सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनकी शीघ्र स्वदेश वापसी की व्यवस्था कराएं.