Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस (Indore Police) ने मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा किया है. बाणगंगा थाना क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास 12 फरवरी को मिले 40 वर्षीय शख्स की हत्या बड़ी निर्ममता से की गई थी. पुलिस ने हत्या के बाद तीन दिनों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने शख्स को 18 बार चाकू से गोदा था और उसके बाद गला भी रेता था. आरोपी उसके मरने तक चाकू से गोदते रहे.
मृतक की हुई पहचान
सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. फिर पोस्टमॉर्टम भेजकर जांच शुरू की. आसपास के लोगों को उसकी फोटो दिखाई और पहचान हो गई. मृतक की पहचान खोजीराम राम पिता लखन लाल नारंगी के रूप में हुई. वह छत्तीसगढ़ के शक्ति जिले का मूल निवासी था. फिलहाल वह लक्ष्मीबाई नगर में रह रहा था.
संगीन मामला देख गठित की टीम
डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने बाणगंगा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस को हत्यारोपी के बारे में पता नहीं था, इसलिए संगीन मामला देख एसीपी रुबीना मिजवानी के नेतृत्व में एक टीम गठित की. डीसीपी ने बताया कि युवक की हत्या बेहद जघन्य तरीके से की गई थी. उसके शरीर पर धारदार हथियार से 18 से अधिक वार किए गए थे.
पुलिस ने वारदात का खुलासा करने के लिए आरोपियों पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था. पुलिस को मुखबिर से पता चला कि दो लोग 11-12 की रात को उसी जगह देखे गए थे. पुलिस ने पूरी तरह से साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया.
आरोपियों ने स्वीकारा जुर्म
आरोपियों की पहचान आर्यन उर्फ लड्डू पिता ओमप्रकाश वर्मा और भरत पिता संजय वर्मा के रूप में हुई. दोनों भागीरथपुरा में रहते हैं. उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पर्स से मिले सिर्फ 20 रुपये
उन्होंने बताया कि वारदात के समय खोजीराम राम अकेला था और आरोपी उस समय बाइक से थे. वह उसके पास गए और कुछ बहस हो गई. उन्होंने खोजीराम से मोबाइल लिया और पर्स छीन लिया. पर्स में सिर्फ 20 रुपये थे. जब पीड़ित ने कहा कि वह शिकायत करेगा तो और बहस हुई. इसके बाद आरोपियों ने उसपर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. खोजीराम को उन्होंने 18 बार चाकू से गोदा. उस दौरान गला भी रेत दिया.
लूट के इरादे से की हत्या
आरोपियों ने युवक की हत्या लूट के इरादे से की थी. हत्या के बाद आरोपी मोबाइल लेकर फरार हो गए, लेकिन उन्होंने उसके मोबाइल को तोड़ दिया. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सामान, वारदात में इस्तेमाल चाकू, सिम, पर्स और दोपहिया बरामद किया है.
ये भी- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की आज की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें