नशेड़ी ट्रक चालक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, पांच घायल; इंदौर-खंडवा रोड पर हुआ हादसा

इंदौर‑खंडवा रोड पर सोमवार दोपहर नशे में धुत एक ट्रक चालक ने तेज रफ्तार में कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें कम से कम पांच लोग घायल हो गए. हादसा भंवरकुआं थाना क्षेत्र में हुआ.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Indore Drunk Driver Accident: इंदौर में सोमवार दोपहर को एक मालवाहक मिनी ट्रक के चालक ने कथित तौर पर नशे की हालत में तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी. इंदौर‑खंडवा रोड पर हुए इस हादसे में कम से कम पांच लोग घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा‑तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में ले लिया.

भंवरकुआं थाना क्षेत्र में हुआ हादसा

यह दुर्घटना भंवरकुआं थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंदौर‑खंडवा रोड पर राधा स्वामी सत्संग कॉम्प्लेक्स के पास दोपहर करीब 12 बजे हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोडिंग मिनी ट्रक तेजाजी नगर की ओर से IT पार्क की दिशा में जा रहा था, तभी उसने सड़क पर चल रही मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों को सिलसिलेवार तरीके से टक्कर मार दी.

तीन मोटरसाइकिलों समेत कई गाड़ियां चपेट में

पुलिस के मुताबिक, मिनी ट्रक ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, फिर नियंत्रण खोते हुए दो अन्य बाइकों और कुछ और वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया. इस टक्कर में कुल पांच लोग घायल हो गए. घायलों में से तीन को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि दो लोगों को मामूली चोटें आने पर सामान्य अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है.

चालक नशे में होने का शक 

भंवरकुआं थाने के उपनिरीक्षक डीएस चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मिनी ट्रक का चालक नशे में था. हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ की जा रही है. मेडिकल जांच के जरिए नशे की पुष्टि की प्रक्रिया भी की जा रही है.

Advertisement

स्कूल की बाउंड्री वॉल से टकराकर रुकी गाड़ी

कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद लोडिंग गाड़ी पास ही स्थित एक स्कूल की बाउंड्री वॉल से जा टकराई, जिससे उसकी रफ्तार थमी. यह पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. स्कूल के शिक्षक विकास दमानी ने बताया कि गाड़ी पूरी तरह से बेकाबू थी और सीधे आकर दीवार से टकरा गई. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा.

घायल ने सुनाई आपबीती

हादसे में घायल एक व्यक्ति ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ बाइक से घर लौट रहा था. जैसे ही वह खंडवा नाका चौक पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार लोडिंग गाड़ी अचानक सामने आई और कई वाहनों को टक्कर मारते हुए उसकी बाइक से जा भिड़ी. गनीमत रही कि परिवार की जान बच गई, लेकिन सभी को चोटें आईं.

Advertisement

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में मालवाहक वाहनों के चालकों द्वारा नशे की हालत में गाड़ी चलाने के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. पिछले साल 15 सितंबर की रात एयरपोर्ट रोड पर ऐसी ही एक घटना में तीन राहगीरों की मौत हो गई थी और 10 से अधिक लोग घायल हुए थे.