इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष का Whatsapp हैक, लोगों से मैसेज कर मांगे पैसे; क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज 

इंदौर में साइबर अपराध का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया. हैकर्स ने उनके नाम से कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद लोगों से 50 हजार से अधिक रुपये की मांग की.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Congress Leader WhatsApp Hacked: इंदौर में साइबर अपराध का एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया. हैकर्स ने उनके नाम से लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी, जिससे राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हड़कंप मच गया है. मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच में दर्ज कराई गई है.

हैकर्स ने कॉन्टैक्ट लिस्ट को बनाया निशाना

बताया जा रहा है कि व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने के बाद साइबर ठगों ने चिंटू चौकसे के मोबाइल में सेव सभी कॉन्टैक्ट्स को मैसेज भेजना शुरू कर दिया. इन मैसेज में 50 हजार से लेकर 52 हजार रुपये तक की तुरंत मदद मांगी गई. कई लोगों को यह मैसेज मिलने के बाद शक हुआ और उन्होंने सीधे चौकसे से संपर्क किया.

Advertisement

संदिग्ध कॉल से शुरू हुआ पूरा मामला

चिंटू चौकसे ने बताया कि इस साइबर फ्रॉड की शुरुआत एक संदिग्ध फोन कॉल से हुई थी. उन्हें पार्सल डिलीवरी के नाम पर कॉल आया, जिसमें एक डिलीवरी बॉय से बात करने को कहा गया. उन्होंने दिए गए नंबर पर तीन बार कॉल भी किया, लेकिन सामने से कोई जवाब नहीं मिला. उस कॉल के कुछ ही समय बाद चिंटू चौकसे का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया. इसके बाद उनके जान‑पहचान वालों के पास फोन आने लगे कि उनके नंबर से पैसे मांगे जा रहे हैं. तब जाकर उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई.

क्राइम ब्रांच में दर्ज कराई शिकायत

घटना का पता चलते ही चिंटू चौकसे ने तुरंत क्राइम ब्रांच पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और अपने व्हाट्सएप अकाउंट के हैक होने की बात बताई. फिलहाल क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है. साइबर ठगों की पहचान और उनके ठिकाने का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे पुष्टि जरूर करें.