भारी बारिश से MP के कई जिलों में बाढ़, 100 से ज्यादा लोगों को बचाया; IMD ने वर्षा को लेकर जारी किया ताजा अपडेट

मध्य प्रदेश में लगातार बारिश से कई जिलों में नदियां उफान पर हैं और जलभराव हो गया है. IMD ने अगले 5 घंटे में 4 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी दी है. एसडीईआरएफ मुख्यालय सभी बाढ़ प्रभावित जिलों पर नजर रख रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
भोपाल में जलभराव के बीच से निकलती महिला.
IANS

मध्य प्रदेश में बारिश की वजह से कई जिलों में नदियां उफान पर हैं, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. दूसरे ओर आईएमडी (IMD) ने चार जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग का मानना है कि अगले पांच घंटे में नीमच, मंदसौर, हरदा और खंडवा/ओंकारेश्वर में बारिश हो सकती है.

भारी बारिश से कई जिले प्रभावित, 100 से ज्यादा लोगों को बचाया गया

एमपी के कई जिलों में सोमवार को भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर आ गईं और जलभराव वाले इलाकों से राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) तथा होमगार्ड के जवानों ने 98 लोगों को सुरक्षित निकाला. वहीं, राजगढ़ जिले में एक नाले को पार करते समय 11 यात्रियों से भरी एक वैन के तेज बहाव में बह जाने से एक लड़की समेत नौ लोगों की मौत हो गई.

Advertisement

एसडीईआरएफ मुख्यालय, भोपाल से सभी संवेदनशील और बाढ़ प्रभावित जिलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि सभी जिला मुख्यालयों पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), आपदा राहत वाहन, नाव और आधुनिक उपकरण तैयार रखे गए हैं.

होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को कई जिलों से जलभराव और बाढ़ में लोगों के फंसे होने की सूचनाएं मिलीं. उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय दलों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों से 98 लोगों, सात मवेशियों और चार पालतू जानवरों को सुरक्षित निकाला.

Advertisement
  • सीहोर के जमनी गांव में बाढ़ जैसी स्थिति है. यहां 23 वर्षीय गर्भवती महिला गीता राजपूत और परिवार के तीन अन्य सदस्य घर में फंस गए थे. उन्हें एसडीआरएफ की टीम ने बचाया.
  • सीहोर के अहमदपुर थाना क्षेत्र में बाढ़ के पानी में फंसे चार लोगों को भी एसडीईआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला.
  • भोपाल के सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बालमपुर गांव में बांध की दीवार टूटने से बाढ़ का पानी तेजी से रिहायशी इलाके में घुस गया. एसडीईआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर बढ़ते पानी में फंसे 19 लोगों और चार पालतू जानवरों को सुरक्षित निकाला.
  • विदिशा जिले के करारिया थाना क्षेत्र के बामनखेड़ा गांव में बाढ़ में फंसे 15 मजदूरों को एसडीईआरएफ और होमगार्ड की संयुक्त टीम ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.
  • विदिशा के ही पथरिया गांव में बाढ़ के पानी में फंसे चार लोगों और सात मवेशियों को भी बचाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.
  • ओंकारेश्वर के अभयपुरी घाट पर नदी में स्नान करते समय तेज बहाव में बह रहे तीन श्रद्धालुओं को बचाया.
  • राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के बड़ाहेरी गांव में बाढ़ के कारण मंदिर की छत पर शरण लिए 15 लोगों को एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीम ने सुरक्षित निकाला.
  • आगर मालवा जिले के सोयत थाना क्षेत्र में व्यापक जलभराव की सूचना मिलने पर एसडीईआरएफ, होमगार्ड और आपदा राहत दल ने मौके पर पहुंचकर करीब 30 से 40 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.

26 जिलों में भी हल्की बारिश का अलर्ट

रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार/मांडू, इंदौर, देवास, खरगोन/महेश्वर, उज्जैन, सीहोर, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सागर, नर्मदापुरम, बैतूल, सतना, पन्ना, कटनी, जबलपुर, मंडला, दमोह, नरसिंहपुर, डिंडोरी, अनूपपुर/अमरकंटक, उमरिया/बांधवगढ़ और शहडोल में भी हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है.

ये भी पढ़ें- मुआवजे की बंदरबांट! 5 साल में लू से मौत के 93 मामले, 90 को मिली राहत राशि; लेकिन 85 बिलासपुर संभाग से

Advertisement