एमपी में आसमान से बरपा कहर: छत को चीरकर कमरे तक पहुंची बिजली, चमत्कारिक रूप से बचा परिवार

हरदा में तेज बारिश के दौरान एक मकान की छत पर आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बिजली ने छत को चीरते हुए कमरे तक नुकसान पहुंचाया, हनुमान जी का ध्वज जल गया और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

मध्य प्रदेश के हरदा शहर में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि एक परिवार की जिंदगी पलभर के लिए थम सी गई. तेज बारिश और गर्जना के बीच आकाशीय बिजली सीधे एक मकान की छत पर गिरी, जिससे छत में बड़ा छेद हो गया और घर के भीतर तक नुकसान पहुंचा. धमाका इतना जोरदार था कि घर में मौजूद लोग सहम गए. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भयावह घटना में परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ. घरवालों का कहना है कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद सभी का सुरक्षित बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है.

हरदा शहर की मां गुलाबसिटी कॉलोनी में शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे यह घटना हुई. अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली एक मकान पर आ गिरी. बिजली गिरने से मकान को काफी नुकसान पहुंचा. छत का एक हिस्सा टूट गया, जबकि घर में लगे कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी खराब हो गए.

Advertisement

हनुमान जी के ध्वज वाले स्थान पर गिरी बिजली

जानकारी के मुताबिक, कॉलोनी निवासी संकेत श्रीवास्तव के घर की छत पर लोहे के सरिए में हनुमान जी का ध्वज बंधा हुआ था. बताया जा रहा है कि आकाशीय बिजली सीधे उसी स्थान पर गिरी. बिजली की चपेट में आने से ध्वज का बीच का हिस्सा जल गया और उसके नीचे की छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

बिजली गिरने का प्रभाव इतना तेज था कि उसने छत को चीर दिया. छत में बड़ा छेद हो गया और उसके टुकड़े नीचे कमरे में आ गिरे. अचानक हुए धमाके और मलबा गिरने से घर में मौजूद लोग घबरा गए. कुछ समय तक परिवार के सदस्य समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है.

बारिश थमने पर सामने आया खौफनाक मंजर

जब बारिश रुकी और परिवार के लोग छत पर पहुंचे तो वहां का नजारा देख हैरान रह गए. छत पर एक कबूतर मृत अवस्था में पड़ा मिला. परिजनों का कहना है कि इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बिजली कितनी तीव्रता के साथ गिरी थी. मकान मालिक संकेत श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली गिरने से घर के कुछ इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी खराब हो गए हैं. हालांकि नुकसान सिर्फ संपत्ति तक सीमित रहा और परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं आई. यही बात उनके लिए सबसे बड़ी राहत है.

परिवार ने माना भगवान हनुमान का आशीर्वाद

संकेत श्रीवास्तव का कहना है कि घटना बेहद डराने वाली थी, लेकिन सौभाग्य से परिवार के सभी लोग सुरक्षित हैं. परिजनों का मानना है कि इतने बड़े हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होना भगवान हनुमान की कृपा है. इसी कारण पूरा परिवार इसे चमत्कारिक बचाव मान रहा है.

Advertisement