मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में जमीनी विवाद को लेकर ताबड़तोड़ गोलीबारी हो गई, जहां 2 लोग घायल हो गए. पिछोर थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में 10 से ज्यादा लोगों की ओर फायरिंग की गई थी. घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच कर रही है. फायरिंग के बाद से गांव में तनाव का माहौल है.
पुलिस के अनुसार, पिछोर थाना क्षेत्र के सहोना गांव में बुधवार देर रात जमीन संबंधी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. 12 से अधिक लोगों ने गांव में पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग कर पूरे गांव में दहशत फैल दी. गोलियां कई घरों की दीवारों, दरवाजे पर लगी है. पुलिस को कारतूस के खोखे भी मिले हैं.
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों में विवाद जमीन को लेकर था, जिसके चलते एक पक्ष ने कई राउंड गोलियां चलाईं. फायरिंग के दौरान 2 लोगों को गोलियों के छर्रे भी लगे हैं. गोलीबारी में अमरेश शर्मा एवं श्रीनिवास घायल हुए. वहीं, गांव के करीब 10 से 15 मकानों पर गोलियों के निशान देखे जा सकते हैं.
घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है. सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं.