पैसे मांगने पर ग्वालियर में दिव्यांग दंपत्ति की पिटाई, वीडियो सामने आया, फिर भी पुलिस कार्रवाई नहीं

Gwalior Crime News ग्वालियर में 1500 रुपये मांगने पर विकलांग दंपत्ति से मारपीट का वीडियो सामने आया, लेकिन पुलिस कार्रवाई न होने से पीड़ित ने SP से गुहार लगाई. पढ़िए पूरी खबर.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
ग्वालियर: 1500 रुपये मांगने पर विकलांग से मारपीट, वीडियो के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं

Gwalior News: ग्वालियर में एक विकलांग दंपत्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में रहने वाले पीड़ित दंपत्ति का आरोप है कि उधार दिए गए पैसे मांगने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस को सौंपा गया, फिर भी अब तक आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. आरोपी लगातार धमकी दे रहा है, जिससे दंपत्ति भयभीत है. न्याय की आस में पीड़ित पति-पत्नी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अपनी सुरक्षा के साथ कार्रवाई की गुहार लगाई है.

उधार के पैसे मांगना पड़ा भारी

बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के मानपुर फेस-1 में रहने वाले किशन शर्मा और उनकी पत्नी मंजूलता देवी शर्मा, जो दोनों ही दिव्यांग हैं. इन्होंने अपने पड़ोसी राहुल ठाकरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. किशन शर्मा ने बताया कि राहुल ने उनसे 1500 रुपये उधार लिए थे. जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया.

Advertisement

मारपीट का वीडियो आया सामने

घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया. इस वीडियो में आरोपी राहुल ठाकरे किशन शर्मा के साथ मारपीट करते हुए साफ नजर आ रहा है. पीड़ित दंपत्ति का कहना है कि उन्होंने यह वीडियो सबूत के तौर पर बहोड़ापुर थाना पुलिस को सौंपा, बावजूद इसके पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की.

कार्रवाई न होने से आरोपी के हौसले बुलंद

दंपत्ति का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई के चलते आरोपी के हौसले और बढ़ गए हैं. राहुल ठाकरे अब लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है. धमकियों के कारण दंपत्ति का पूरा परिवार दहशत में है. उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो उनके साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है.

इकलौते कमाने वाले हैं पीड़ित किशन

किशन शर्मा परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य हैं. दिव्यांग होने के बावजूद वह छोटे-मोटे काम करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं. उनकी पत्नी मंजूलता भी चलने-फिरने में असमर्थ हैं. ऐसे में मारपीट और धमकियों से उनका जीवन और अधिक कठिन हो गया है.

एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

लगातार मिल रही धमकियों और पुलिस कार्रवाई न होने से परेशान होकर दोनों पति-पत्नी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे. जनसुनवाई में उन्होंने पूरी घटना से अधिकारियों को अवगत कराया और न्याय के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.

Advertisement

पुलिस ने दिया जांच का आश्वासन

एसपी ऑफिस में अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और पीड़ित दंपत्ति को संबंधित थाना भेजा गया है. यह मामला पुलिस जांच के अधीन है, लेकिन वीडियो जैसे ठोस सबूत होने के बावजूद कार्रवाई में देरी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है. अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाता है और पीड़ित दंपत्ति को न्याय दिला पाता है.

यह भी पढ़ें : “मुझे मेरी बीवी से बचाओ” ग्वालियर में पति ने लगाई गुहार, बॉयफ्रेंड साथ रखने की शर्त, जेवर-बच्चे संग पत्नी गायब

Advertisement

यह भी पढ़ें : कांगेर घाटी में बैम्बू राफ्टिंग और होमस्टे का मजा; बस्तर का मांझीपाल इको-टूरिज्म का नया हब, जानिए कैसे पहुंचे

यह भी पढ़ें : NIA अधिकारी बन फर्जी RBI नोटिस दिखाया, फिर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हुई 2.10 करोड़ की ठगी; आरोपी गिरफ्तार

यह भी पढ़ें : कुआं खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 5 मजदूरों की मौत, मनरेगा के तहत सिंचाई के लिए चल रहा था काम