ग्वालियर से भोपाल जा रही बस में लगी आग, 25 यात्रियों ने खिड़की-दरवाजे से कूदकर बचाई जान, बुजुर्ग को दिया CPR

ग्वालियर में भोपाल जा रही शरद ट्रैवल्स की बस में अचानक भीषण आग लग गई. बस में सवार 25 यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर और दरवाजे से कूदकर अपनी जान बचाई. धुएं से एक हार्ट पेशेंट बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उन्हें CPR दिया. फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

ग्वालियर में शनिवार रात एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब भोपाल जा रही एक यात्री बस अचानक आग की चपेट में आ गई. बस में सवार करीब 25 यात्रियों ने समय रहते खिड़कियों के कांच तोड़कर और दरवाजों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन यात्रियों, राहगीरों, पुलिस और एक डॉक्टर की सूझबूझ ने कई जिंदगियां बचा लीं. हालांकि आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरी बस जलकर खाक हो गई.

विवेकानंद तिराहे पर अचानक धधक उठी बस

जानकारी के मुताबिक, शरद ट्रैवल्स की वीडियोकोच बस शनिवार रात करीब 9 बजे ग्वालियर के रोडवेज बस स्टैंड से भोपाल के लिए रवाना हुई थी. बस को निकले अभी आधा घंटा भी नहीं हुआ था कि झांसी रोड स्थित चेतकपुरी के पास विवेकानंद तिराहे पर अचानक बस के भीतर धुआं भरने लगा. शुरुआत में यात्रियों को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है, लेकिन देखते ही देखते स्थिति गंभीर हो गई.

Advertisement

यात्रियों ने बताई घटना की पूरी कहानी

बस में सवार यात्रियों के मुताबिक धुआं फैलने के बाद उनका दम घुटने लगा. उन्होंने तुरंत बस चालक और क्लीनर को इसकी जानकारी दी. बताया जाता है कि शुरुआत में क्लीनर ने इसे सामान्य बात बताकर यात्रियों की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया. लेकिन जब बस विवेकानंद तिराहा बस स्टॉप पर रुकी तो उसके पिछले हिस्से से अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं.

खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री

बस में आग लगते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार और भगदड़ मच गई. हालात बिगड़ते देख बस स्टाफ और कुछ सजग यात्रियों ने तुरंत खिड़कियों के कांच तोड़ना शुरू किया. इसके बाद यात्रियों को एक-एक कर खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकाला. बस में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में राहगीरों और पुलिस ने भी मदद की.

हार्ट पेशेंट बुजुर्ग की बिगड़ी तबीयत

घटना के दौरान बस में फैले धुएं के कारण एक बुजुर्ग यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई. बताया जा रहा है कि वे हृदय रोग से पीड़ित थे और धुएं की वजह से बेहोश हो गए. इसी दौरान बस में सफर कर रहे एक डॉक्टर ने तुरंत उन्हें CPR दिया. प्राथमिक सहायता मिलने के बाद बुजुर्ग को गंभीर हालत में जयारोग्य अस्पताल (JAH) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया.

10 मिनट में पहुंची फायर ब्रिगेड

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई. करीब 10 मिनट के भीतर दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंच गए. दमकलकर्मियों ने दो वाटर टैंकरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और उसका केवल ढांचा ही बचा था.

Advertisement

आग लगने के कारणों की होगी जांच

मौके पर पहुंचे डीएसपी ट्रैफिक अजीत सिंह चौहान ने बताया कि बस में आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है. शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. वहीं अस्वस्थ हुए एक यात्री को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.