Home Guard Killed on Duty: ग्वालियर-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पुलिस और होमगार्ड विभाग को झकझोर कर रख दिया. आरटीओ की चैकिंग ड्यूटी के दौरान एक तेज रफ्तार आयसर ट्रक ने होमगार्ड जवान को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
चैकिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह घटना पनिहार थाना क्षेत्र में शीतला माता मंदिर के पास हुई. यहां आरटीओ की नियमित चैकिंग चल रही थी. इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक आयसर ट्रक को होमगार्ड ने रोकने का प्रयास किया. आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय सीधे होमगार्ड को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के नीचे आ गए.
हादसे में जान गंवाने वाले होमगार्ड जवान की पहचान 35 वर्षीय देवेंद्र मिश्रा के रूप में हुई है. वे माधोगंज स्थित झूलेलाल मंदिर के पास के निवासी थे और चैकिंग दस्ते में तैनात थे. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
विभागीय बयान में अलग जानकारी
विभाग से जुड़े कुछ लोगों का कहना है कि देवेंद्र मिश्रा ड्यूटी के दौरान कुछ देर के लिए पास में गए थे और लौटते समय तेज रफ्तार आयसर ट्रक की चपेट में आ गए. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम की जांच पुलिस कर रही है, ताकि सही स्थिति स्पष्ट हो सके.
ड्राइवर फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद आयसर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चालक को पकड़ लिया जाएगा. इस घटना के बाद होमगार्ड विभाग और मृतक के परिवार में शोक का माहौल है.