5वीं बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी मामले में एक्शन: डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल के प्राचार्य को नोटिस, बच्चों को दिए गए थे दो अलग-अलग पेपर

Madhya Pradesh 5th and 8th grade Board Exams: सनराइज पब्लिक स्कूल दीनदयालनगर केंद्र पर परीक्षा शुरू होने के बाद तीन बार में दो अलग-अलग सिलेबस के पेपर दिए गए. आखिर के पांच मिनट में उनके पढ़े सिलेबस, यानी एमपी बोर्ड का सामान्य पेपर दिया गया और भरी हुई आंसर शीट में ही अपना पेपर करने को कहा गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

MP 5th and 8th grade Board Exams: ग्वालियर में पांचवी कक्षा की परीक्षा में बार-बार और अलग-अलग पेपर बांटने के मामले में जिला प्रशासन ने डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल और बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. साथ ही अंग्रेजी का पेपर पुन: कराए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई. यह कार्रवाई प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम ने की है. 

डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल के प्राचार्य को नोटिस

प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम ने डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल के प्राचार्य व जनपद शिक्षा केन्द्र मुरार शहरी क्र.-2 के बीआरसीसी राकेश शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. साथ ही राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक को प्रतिवेदन भेजा गया है. प्रभारी कलेक्टर सत्यम ने कहा कि परीक्षार्थियों के हितों की रक्षा की जाएगी.

अंग्रेजी पेपर का पुन: होगा एग्जाम

जिला परियोजना समन्वयक रविन्द्र सिंह तोमर ने जानकारी दी है कि विद्यार्थी और पालकों को निराश होने की जरूरत नहीं है. असफल होने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा परिणाम उपरांत राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा परीक्षा का द्वितीय अवसर प्रदान किया जाएगा. साथ ही आगे होने  प्रश्न पत्रों में एससीईआरटी पाठ्यक्रम के प्रश्नपत्र प्रदान किए जाएंगे. 

जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) तोमर ने बताया कि सनराइज पब्लिक स्कूल दीनदयालनगर में डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल वायुनगर का परीक्षा केन्द्र बनाया गया है. डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल द्वारा पोर्टल पर एनसीईआरटी पाठ्यक्रम का विकल्प भरा गया था. विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र व अटेडेंस शीट पर भी एनसीआरटीई का विकल्प लिखकर आया था. इस कारण परीक्षार्थियों को 20 फरवरी को एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के प्रवेश पत्र वितरित कर दिए गए. परीक्षार्थियों द्वारा कहा गया कि उन्होंने एससीईआरटी पद्धति से पढ़ाई की है, पर उन्हें एनसीईआरटी का पेपर क्यों दिया गया है? यह लापरवाही सामने आने पर डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल प्रबंधन को तलब किया गया. शाला प्रबंधन ने अपनी भूल स्वीकार कर एससीईआरटी पाठ्यक्रम का पेपर देने का आग्रह किया. 

Advertisement

पांचवी कक्षा की परीक्षा में गड़बड़ी

डीपीसी श्री तोमर ने बताया कि 20 फरवरी को पांचवी और आठवीं बोर्ड परीक्षा 2025-26 में प्रथम भाषा हिंदी और अंग्रेजी (हिन्दी और अंग्रेजी माध्यम) का प्रश्न पत्र था. जिसके कक्षा 8 के 28156 और कक्षा 5 के 32773 छात्रों ने परीक्षा दी थी.  5वीं और 8वीं में 2890 छात्र अनुपस्थित रहे. परीक्षा केन्द्र सनराइज पब्लिक स्कूल दीनदयाल नगर ग्वालियर में डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल के छात्र कक्षा 5 और 8 की परीक्षा दे रहे थे.

अब शाला प्रबंधन ने अपनी भूल स्वीकार करते हुए अपने विद्यालय को एनसीआरटी पाठ्यक्रम के स्थान पर एससीईआरटी पाठ्यक्रम में बदलने का आवेदन आज शाम परीक्षा उपरांत दिया गया. जिसके आधार पर संशोधन किया जाएगा और आगे होने प्रश्न पत्रों में एससीईआरटी पाठ्यक्रम के प्रश्नपत्र प्रदान किए जाएंगे.

Advertisement

ये भी पढ़ें: MP Board Exams: तीन बार में बच्चों को दिए दो अलग-अलग पेपर, नहीं लिख सके आंसर, हंगामा हुआ तो मुंह बांधकर निकली प्रिंसिपल