DSP Neha Pachisia: मध्यप्रदेश पुलिस में कटनी सीएसपी डीएसपी नेहा पच्चिसीया पर अवैध वसूली समेत कई गंभीर आरोप लगे हैं. इस मामले में कार्रवाई करते हुए उनसे तीन पुलिस थानों का प्रभार भी छीन लिया गया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. यदि वे जांच में दोषी पाई जाती हैं, तो उनकी नौकरी खतरे में पड़ सकती है. यह पूरा मामला मध्यप्रदेश के कटनी जिले का है.
कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने सीएसपी नेहा पच्चिसीया के ड्राइवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य को इस पूरे मामले की जांच सौंपी गई है.
बता दें कि नेहा पच्चिसीया अपनी कार्यप्रणाली को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहती हैं. वे पहले 'एयर इंडिया' में एयर होस्टेस के रूप में कार्यरत थीं. बाद में नौकरी छोड़कर उन्होंने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की तैयारी शुरू की और परीक्षा पास कर पुलिस अधिकारी बनीं.
ट्रांसपोर्ट व्यापारी ने दर्ज कराई नेहा पच्चिसीया की शिकायत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को कटनी एसपी IPS अभिनव विश्वकर्मा को दी गई लिखित शिकायत में पीड़ित व्यापारी ने घटना की जानकारी दी. व्यापारी महेंद्र जैन ने बताया कि 21 जुलाई की रात वाहन चेकिंग के दौरान कटनी सीएसपी नेहा पच्चिसीया ने उनकी हाइवा गाड़ी को रोका और उनसे 30 हजार रुपये की मांग की. मौके पर ही 25 हजार रुपये ले लिए गए और शेष 5 हजार रुपये अगले दिन उनके चालक को देने की बात कही गई.
महेंद्र जैन कटनी के प्रमुख ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में से एक हैं. उनके पास पांच हाइवा वाहन हैं, जो मुख्य रूप से रेत और डोलोमाइट के परिवहन में लगे हुए हैं. उन्होंने कटनी एसपी अभिनव विश्वकर्मा को सीएसपी द्वारा की गई अवैध वसूली के साक्ष्य भी सौंपे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है.
थाने में वाहन खड़ा करने की दी गई थी धमकी
महेंद्र जैन का आरोप है कि कटनी सीएसपी नेहा पच्चिसीया ने केवल जांच के नाम पर उनकी गाड़ी को रोका था. पैसे नहीं देने की सूरत में वाहन को पुलिस थाने में खड़ा करवाने की धमकी दी गई थी. एसपी ने शिकायत की प्राथमिक जांच करवाने के बाद सीएसपी के चालक केशव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
3 थानों का प्रभार छीना, अजाक डीएसपी को सौंपी गई जिम्मेदारी
जारी किए गए नए आदेशों के अनुसार, कटनी सीएसपी नेहा पच्चिसीया से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर पुलिस थानों का चार्ज वापस ले लिया गया है. अब यह जिम्मेदारी अजाक डीएसपी शिवा पाठक को सौंपी गई है.
दूसरी ओर, मामले के जांच अधिकारी एएसपी कमल मौर्य ने मीडिया को बताया कि ट्रांसपोर्ट व्यापारी महेंद्र जैन के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. वर्तमान में चालक को सस्पेंड करने और सीएसपी नेहा पच्चिसीया से तीन थानों का चार्ज वापस लेने की कार्रवाई की गई है.
यह भी पढ़ें- यंगेस्ट कलेक्टर की लव स्टोरी: जब दिल दे बैठे 50वीं-51वीं रैंक वाले IAS, प्रतिष्ठा ममगाईं-संबित मिश्रा कौन?