मध्य प्रदेश के रीवा में रविवार शाम को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कॉलेज चौराहा फ्लाईओवर पर एक युवक ने पहले चलती कार को टक्कर मारी और फिर ओवरटेक कर बीच सड़क पर रोककर जमकर तोड़फोड़ की. आरोपी ने डंडे से कार के शीशे चकनाचूर कर दिए, जबकि पीड़ित चालक दहशत में खड़ा रहा. मौके पर पहुंची अमहिया पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मेडिकल कराया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार आरोपी कार चालक ने पहले आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मारी. टक्कर मारने के बाद आरोपी ने कार को ओवरटेक कर आगे रोक लिया और दूसरे कार मालिक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक काफी नशे में था. उसने अपनी कार से एक बड़ा डंडा निकाला और दूसरी कार के शीशे तोड़ दिए. इस दौरान पीड़ित कार मालिक डरा-सहमा खड़ा रहा. घटना का वीडियो भी सामने आया है.
अमहिया पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना मिलते ही अमहिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों सहित आरोपित को थाने ले आई. पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया है और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की बात कही है. पुलिस के अनुसार पूरा मामला अमहिया थाना क्षेत्र के सिरमौर चौराहा फ्लाईओवर का है, जहां शराब के नशे में कार चालक ने दूसरे वाहन को नुकसान पहुंचाया.
पीड़ित अभिषेक सिंह ने बताया कि कॉलेज चौराहा फ्लाईओवर के पास आरोपी ने पहले उनकी कार को पीछे से टक्कर मारी. इसके बाद अपनी अर्टिगा कार आगे लगाकर गाली-गलौज शुरू कर दी. उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने अपनी गाड़ी से एक डंडा निकाला और सामने से कांच तथा पीछे डिक्की के पास जमकर तोड़फोड़ की, जिससे उनकी कार को भारी नुकसान पहुंचा.
वहीं अमहिया थाना प्रभारी (टीआई) शिवा अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फ्लाईओवर के पास दो कारों में टक्कर के बाद एक पक्ष ने दूसरे के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को वाहनों सहित थाने लाया गया. एक व्यक्ति को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और प्रथम दृष्टया वह शराब के नशे में प्रतीत हो रहा है.
टीआई ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ से संबंधित प्रावधानों में कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.