MP News in Hindi: धार जिला मुख्यालय स्थित सीएम राइस स्कूल एक बार फिर विवादों में घिर गया है. यहां के प्राचार्य डॉ. स्मृति रतन मिश्रा पर महिला शिक्षिकाओं के प्रतिनिधिमंडल ने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. मामला उस समय सामने आया जब महिलाओं का एक समूह धार की विधायक नीना वर्मा से मिलने पहुंचा और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं.
बताया जा रहा है कि हाल ही में घोड़ा चौपाटी स्थित स्कूल में आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी के दौरान एक शिक्षिका रोते हुए विधायक के पास पहुंची और तत्काल स्थानांतरण की मांग करते हुए आत्महत्या की चेतावनी दी. इसके बाद विधायक ने मौके पर अधिकारियों को बुलाकर स्थिति की जानकारी ली.
महिलाओं के गंभीर आरोप
घटना के अगले दिन 10 से 12 महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल विधायक के निवास पहुंचा, जहां उन्होंने आरोप लगाया कि प्राचार्य उन्हें बार-बार अकेले में ऑफिस में बुलाते हैं. वॉट्सऐप पर आपत्तिजनक संदेश भेजते हैं और अनुचित बातें करते हैं. महिलाओं का कहना है कि जो उनके दबाव में नहीं आतीं, उन्हें शोकॉज नोटिस और निलंबन की धमकी दी जाती है.
विधायक ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
महिलाओं ने यह भी दावा किया कि पूर्व में तोरनोद और केसुर में पदस्थापना के दौरान भी इस तरह की शिकायतें सामने आई थीं, जिनकी जांच विभिन्न स्तरों पर हुई. कुछ मामलों में कार्रवाई की अनुशंसा तक की गई थी. वहीं, विधायक नीना वर्मा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो सख्त कार्रवाई, यहां तक कि निलंबन भी किया जाएगा.
प्राचार्य ने क्या कहा
दूसरी ओर प्राचार्य डॉ. स्मृति रतन मिश्रा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह शिकायतें पूर्वाग्रह से प्रेरित हैं. उनका कहना है कि संबंधित कर्मचारी को विभागीय नोटिस दिया गया था, जिसके कारण इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी भी निष्पक्ष जांच के लिए तैयार हैं.