Dewas road accident CCTV: देवास–मक्सी रोड पर एक भयावह सड़क हादसा उस समय हुआ, जब एक अनियंत्रित पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों में जोरदार तरीके से जा घुसा. टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग घबरा गए. पूरा हादसा पास में लगे CCTV कैमरे में साफ‑साफ कैद हो गया, जिसमें वाहन के अनियंत्रित होकर लगातार दो गाड़ियों से टकराने का मंजर दिखाई देता है.
अनियंत्रित पिकअप ने मचाई तबाही
घटना चिड़ावद ग्राम के पास दामोदर रवि एंड संस बिल्डिंग मटेरियल शॉप के सामने हुई. जानकारी के अनुसार, पिकअप लोडिंग वाहन का चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा. पहले उसने एक दूसरे लोडिंग वाहन को टक्कर मारी और उसके बाद आगे खड़े एक ट्रैक्टर में जा भिड़ा. टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि दुकान और आसपास के घरों से लोग तुरंत बाहर निकल आए.
CCTV में कैद हुआ हादसा
हादसे का पूरा दृश्य सड़क किनारे लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. फुटेज में पिकअप वाहन की तेज रफ्तार, अचानक अनियंत्रण और गाड़ियों में घुसने का पूरा क्रम साफ दिख रहा है. वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगा रहे हैं.
दो लोग गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में शुभम धाकड़, निवासी अलारी, और रणायर के एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए. दोनों को राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत 108 एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों का इलाज जारी है.
'बस स्टॉप पर भीड़ होती तो बड़ा हादसा होता'- प्रत्यक्षदर्शी
हादसे के समय बस स्टॉप पर लोग कम थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि यदि उस समय सवारियों की भीड़ होती, तो नुकसान बहुत ज्यादा हो सकता था. अनियंत्रित वाहन जिस दिशा में आया, वह अक्सर यात्रियों से भरा रहता है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया. फिलहाल पुलिस चालक, वाहन की गति और अनियंत्रण की वजहों की जांच कर रही है.