दतिया में नामांकन भरने की आखिरी तारीख के दिन यानी आज कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने नामांकन दाखिल कर दिया है. इस दौरान उनके साथ मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. इनके बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी नामांकन पत्र जमा कर दिया.
उपचुनाव का कार्यक्रम
भारत निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन 13 जुलाई तक भरे जाएंगे. वहीं उनकी समीक्षा 14 जुलाई को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 16 जुलाई रहेगी, मतदान 30 जुलाई को तय किया गया है और मतगणना 4 अगस्त को होगी.
ऐसे खाली हुई दतिया सीट
दरअसल, दिल्ली के राउज एवेन्यू जिला न्यायालय ने इसी साल 2 अप्रैल को तत्कालीन दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती के खिलाफ अपराध सिद्ध होने के बाद तीन वर्ष का कारावास और 1 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया था. यह सजा को-ऑपरेटिव बैंक घोटाला मामले में सुनाई गई थी. सजा मिलने के बाद मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय की ओर से राजेंद्र भारती की विधानसभा की सदस्यता समाप्त करने की सूचना जारी कर दी, जिसके बाद दतिया विधानसभा रिक्त हो गई.
ये भी पढ़ें- CM मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक, हेलीकॉप्टर के ऊपर मंडराया ड्रोन; 10 मिनट तक नहीं भर सका उड़ान