दतिया रिजल्ट पर क्या बोले दिग्गज, BJP प्रदेश अध्यक्ष ने कही कार्रवाई की बात! CM और नेता प्रतिपक्ष ने क्या कहा?

दतिया उपचुनाव में भाजपा को वोट लगभग 40.5% पड़े, जबकि कांग्रेस का वोट शेयर 44.5% रहा. वहीं, आजाद समाज पार्टी को 15% वोट पड़े. कुल मिलाकर देखें तो सत्ता के खिलाफ लगभग 60 प्रतिशत वोट पड़ा.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
दतिया उपचुनाव के परिणाम बाद दिग्गजों के रिएक्शन.

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भाजपा लगभग तीन साल में दो झटके लग चुके हैं. पहले तो विधानसभा चुनाव में तत्कालीन नरोत्तम मिश्रा कांग्रेस के राजेंद्र भारती से हार गए थे. अब सीट पर उपचुनाव हुए तो फिर भाजपा को हार झेलनी पड़ी. इस बार कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी तो 6000 से ज्यादा वोटों से हराया. दतिया रिजल्ट के बाद मध्य प्रदेश में दिग्गजों के बयान आए हैं. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि संगठन के खिलाफ जिन्होंने काम किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

सीएम ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का भी दतिया में भाजपा प्रत्याशी की हार के बाद बयान आया है. सीएम ने कहा कि कांग्रेस की सीट कांग्रेस के ही पास है, लेकिन हमने पिछले विधानसभा चुनावों के मुकाबले इस बार सीट पर 1700 वोट ज्यादा पाए हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है. आने वाले चुनाव और ताकत से लड़ेंगे और जीतेंगे.

Advertisement

बीजेपी में अनुशासन के खिलाफ काम करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं ने जो जनादेश दिया है, भारतीय जनता पार्टी उसे पूर्ण विनम्रता के साथ स्वीकार करती है. हम चुनाव परिणाम की विस्तृत एवं तथ्यपरक समीक्षा करेंगे और उसके आधार पर आगामी रणनीति तय करेंगे. भारतीय जनता पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है. कोई भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी, चाहे वह किसी भी दायित्व पर हो, संगठन के अनुशासन से ऊपर नहीं है. अनुशासन के खिलाफ काम करने वालों के विरुद्ध संगठन के नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.

भारतीय जनता पार्टी ने इससे पूर्व अमरवाड़ा और बुधनी विधानसभा उपचुनावों में जनता का विश्वास प्राप्त कर विजय हासिल की है. दतिया के जनादेश का भी हम पूर्ण सम्मान करते हैं और जनता की सेवा एवं संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य करते रहेंगे.

Advertisement

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि दतिया में उपचुनाव बड़ी मजबूती के साथ लड़े और जीते, इससे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है. आने वाले 2028 के विधानसभा चुनावों के लिए हर कांग्रेसी कार्यकर्ता तैयार रहे. हम प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे. उन्होंने आगे कहा कि आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी के लिए ना तो प्रदेश लेवल पर और ना राष्ट्रीय लेवल पर आसान नहीं है.

Advertisement

कमलनाथ बोले- हवा में बदलाव के संकेत

पूर्व सीएम व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने भी एक्स पर पोस्ट कर कहा, दतिया विधानासभा उपचुनाव में शानदार जीत, कांग्रेस पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है. मैं दतिया की जनता का हृदय से अभिनंदन करता हूं, जिन्‍होंने सत्‍ता के दबाव में झुकने से इनकार कर दिया. यह जीत सिर्फ एक उपचुनाव की जीत भर नहीं है, बल्कि देश और प्रदेश की हवा में हो रहे बदलाव का संकेत है. हमारे नेता राहुल गांधी ने देश के छात्रों में जो जागृति पैदा की है, आज वह समाज के हर वर्ग को आंदोलित कर रही है.

क्या बोले दिग्विजय सिंह

पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के सीनियर लीडर दिग्विजय सिंह ने कहा कि दतिया के सभी मतदाताओं को मेरी बहुत-बहुत बधाई. मतदाताओं ने जिस प्रकार से 2023 में हमें जिताया था, उसी हिम्मत के साथ उपचुनाव में हमें विजय दिलाई. आप सबके के प्रति हम आभार वयक्त करते हैं. कांग्रेस के उन सभी जांबाज कार्यकर्ताओं ने सब दुख दर्द सह कर भी कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा. सभी अधिकारियों, अध्यक्ष, विपक्ष के नेता जी को और सभी कांग्रेस के नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करता हूं.

एक वादा मैं आप सब से करता हूं कि हम कांग्रेस के हर कार्यकर्ताओं के दिक्कत और दुख में साथ खड़े रहेंगे. विकास के लिए जो हम कर पाएंगे वो करेंगे. घनश्याम सिंह को भी जो आज चुन कर आए हैं, उनको बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं. मुझे विश्वास है कि वे जनता के कसौटी पर फिर से खरे उतरकर जनता की सेवा करेंगे.

ये भी पढ़ेंDatia Upchunav 2026: हार के बाद बोले आशुतोष तिवारी- जिन्होंने पाप किया है, उन्हें मिलेगा जवाब