Chhatarpur LPG Cylinder: मिडिल ईस्ट में युद्ध की वजह गैस की किल्लत को देखते हुए प्रभारी कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने बैठक ली. इस बैठक में बताया गया कि गैस पेट्रोलियम के संबंध में एचपीसीएल की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं. जारी निर्देशानुसार, प्रथम घरेलू गैस सिलेंडर के बाद दूसरा सिलेंडर 21 दिन के बजाय 25 दिनों में दिया जाएगा. बताया गया कि जिले में घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति पर्याप्त है. गैर घरेलू गैस सिलेंडर केवल आवश्यक कार्य स्थल, जिसमें अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थान में ही दिए जाएगे.
घरेलू गैस सिलेंडर की नहीं है कमी
बैठक में प्रभारी कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर्याप्त है. उन्होंने निर्देश दिए कि किसी प्रकार की विक्रेताओं द्वारा ब्लैकमार्केटिंग और घरेलू गैस सिलेंडरों का डायवर्शन या रिफिलिंग के लिए दुरुपयोग न हो. साथ ही कहा गया कि सभी गैस डीलर स्टॉक की जानकारी खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को प्रतिदिन शाम को प्रेषित करेंगे.
लोगों ने शुरू की कालाबाजारी
छतरपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत का फायदा उठाते हुए एक रिटायर्ड शिक्षक ने अपने घर पर सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया. सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और घर के अंदर रखे 25 घरेलू गैस सिलेंडरों को जब्त किया. हालांकि इन गैस सिलेंडरों से तीन गैस सिलेंडर भरे थे और अन्य गैस टंकियां खाली पाई गई. इस मामले में तहसीलदार व खाद्य विभाग ने रिटायर्ड शिक्षक श्यामलाल अहिरवार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है.
आईओसीएल कंपनी और गैस डीलरों के साथ बैठक
जानकारी के अनुसार, तहसीलदार और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने आईओसीएल कंपनी और गैस डीलरों के साथ बैठक की. बैठक में आईओसीएल सेल्स ऑफिसर द्वारा बताया गया कि उपभोक्ता 25 दिन के बाद ही घरेलू गैस सिलेंडर मोबाइल द्वारा बुक करें. इसके बीच कॉल से बुक नहीं होगा. साथ ही उपभोक्ता सिलेंडरों का ओवर स्टोक न करें, जिससे घटना की स्थिति न बने और डिस्ट्रीब्यूटर भी सिलेंडरों को मिस यूस न करें.
घरेलू गैस सिलेंडरो की कीमतों में वृद्धि को लेकर बताया गया कि जिस तारीख को सिलेंडर उपभोक्ता को प्रदाय किया जाएगा. उस समय निश्चित दरें जो होगी वहीं डीलर द्वारा दी जाएगी. भले ही उसकी बुकिंग पूर्व (दर वृद्धि के पहले) की ही क्यों न हो?