मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एम्स (AIIMS Bhopal) की एक नर्सिंग ऑफिसर ने फांसी लगाकर जान दे दी. इससे भी दर्दनाक जानकारी यह सामने आई है कि नर्सिंग ऑफिसर के पति ने भी दो महीने पहले आत्महत्या कर ली थी. महिला की पहचान दिव्या के रूप में हुई है, जो तमिलनाडु की रहने वाली थी.
महिला के दो बच्चे भी हैं, जिसमें बेटा 8 साल का और बेटी 3 साल की है. नर्सिंग ऑफिसर ने आत्मघाती कदम तब उठाया, जब उसने दोनों बच्चों को स्कूल भेज दिया.
तमिलनाडु से आकर रह रही थी दिव्या
दरअसल, अवधपुरी थाना क्षेत्र की सुभाष विला कॉलोनी में रहने वाली दिव्या के पति ने दो महीने पहले तमिलनाडु में आत्महत्या की थी. इसके बाद वह बच्चों के साथ भोपाल आकर रहने लगीं. यहीं पर उन्हें स्कूल में दाखिला दिला दिया. उनकी देखभाल के लिए एक केयरटेकर भी रखा था.
सुबह बच्चों के स्कूल चले जाने पर वह फिर से अपने कमरे में चली गईं. जब केयरटेकर ने उन्हें आवाज लगाई तो कमरा नहीं खुला. सूचना के बाद पुलिस पहुंची को दरवाजा तोड़कर देखा कि शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ है.
बच्चे मां से मिलने की करते रहे जिद
जब बच्चे स्कूल से लौटे तो पुलिस पंचनामा कर रही थी. इस दौरान बच्चे अपनी मां से मिलने की बार-बार जिद कर रहे थे, लेकिन मासूमों को काफी देर तक पता ही नहीं था कि उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं है. यह पल पुलिसकर्मियों के लिए भी बहुत ही भावुक करने वाला था.
पुलिस ने जांच शुरू की
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमॉर्टम कराने के लिए मोर्चरी में रखा है. महिला के परिजनों को सूचना दी गई है, वह भी तमिलनाडु से रवाना हो गए हैं. हालांकि, अभी आत्महत्या करने की वजह सामने नहीं आई है और ही सुसाइड नोट की कोई जानकारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें- जिस गोदाम से गायब हुईं दो ट्रक किताबें, वहां रात को लग गई आग; पुलिस जांच कर रही