MP News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के देहात पुलिस थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में महिला की मौत का मामला अब पूरी तरह हत्या में बदल गया है. इस सनसनीखेज वारदात में महिला का पति ही उसका कातिल निकला, जिसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर न सिर्फ पत्नी की हत्या की, बल्कि उसे आत्महत्या साबित करने के लिए पूरी साजिश भी रची. हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को आरोपी ने अपनी दोनों मासूम बेटियों के सामने अंजाम दिया.
घटना की शुरुआत: संदिग्ध हालत में मिला शव
30 मार्च 2026 की रात मानपुरा गांव में एक महिला प्रियंका प्रजापति का शव घर के आंगन में पड़ा मिला. ससुराल पक्ष ने तुरंत महिला के मायके पक्ष को सूचना दी कि उसने आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन घटनास्थल की स्थिति और कुछ परिस्थितियों ने पुलिस के शक को गहरा कर दिया.
bhind murder husband kills wife stages suicide madhya pradesh
पुलिस जांच और खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी डॉ. असित यादव ने तीनों संदिग्धों पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया और विशेष जांच टीम गठित की गई. पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय करते हुए महिला के परिजनों, पड़ोसियों और गांव के लोगों से गहन पूछताछ शुरू की. जांच के दौरान कई विरोधाभासी तथ्य सामने आए, जिससे पुलिस को यकीन हो गया कि मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का है.
आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने सटीक जानकारी के आधार पर चरथर गांव में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं 31 साल का मृतका का पति रामबरन प्रजापति निवासी बिरखड़ी थाना रौन, वर्तमान निवासी मानपुरा थाना देहात, आकाश प्रजापति उम्र 25 साल निवासी अकोड़ा और पुनीत जोशी उम्र 23 वर्ष निवासी अकोड़ा, तीनों को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
हत्या की पूरी साजिश
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पति रामबरन प्रजापति का अपनी पत्नी से शराब पीने को लेकर विवाद होता था. इतना ही नही पत्नी के मायके फोन पर बात करने से भी नाराज रहता था. घटना वाले दिन 30 मार्च को रामबरन अपने दोनों दोस्तों के साथ घर पर शराब पार्टी कर रहा था. शराब के नशे में उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई. गुस्से में आकर रामबरन ने अपने दोनों दोस्त आकाश प्रजापति और पुनीत जोशी के साथ मिलकर एक खौफनाक कदम उठाया. तीनों ने मिलकर घर में रखी सिलाई मशीन से रस्सी निकाली और महिला का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या को आत्महत्या दिखाने का षड्यंत्र
हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने अपनी करतूत छुपाने के लिए एक सुनियोजित साजिश रची. उन्होंने महिला की साड़ी को उसके गले में डालकर उसे छत के कुंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे. कुछ समय बाद शव के पैर जमीन पर लग रहे थे. यह देखकर आरोपी चौक गए. आरोपियो ने शव को नीचे उतारकर घर के आंगन में रख दिया गया और मौके से फरार हो गए. जिसकी सूचना ससुरालियों ने पुलिस और मृतका के घर पर दी.
घरेलू विवाद बना वजह
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पति रामबरन शराब पीने का आदी था और आए दिन नशे में पत्नी के साथ मारपीट और विवाद करता था. पत्नी का अपने मायके वालों से फोन पर बात करना भी उसे पसंद नहीं था, जिससे अक्सर घर में तनाव बना रहता था. इसी मानसिकता और नशे की हालत में यह जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया.
पुलिस की कार्रवाई
देहात थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनसे पूछताछ जारी है और हत्या में प्रयुक्त साक्ष्यों को भी जब्त किया गया है. पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है. यह मामला एक गंभीर सामाजिक संदेश देता है कि नशे की लत, घरेलू हिंसा और संदेह जैसी प्रवृत्तियां किस तरह एक परिवार को बर्बाद कर सकती हैं. पुलिस की सूझबूझ और सतर्क जांच ने एक हत्या को आत्महत्या साबित करने की साजिश को बेनकाब कर दिया. फिलहाल पूरे इलाके में इस खुलासे के बाद सनसनी फैली हुई है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं.
यह भी पढ़ें: रायपुर में पाकिस्तानी मूल के नितेश बत्रा को जिंदा दफनाया, श्याम-सावित्री के प्यार में कैसे गई जान?