Bhind Murder Case: भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के विलाव गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग रामसिया यादव की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार, यह हत्या 20 साल पुराने खून के बदले खून में की गई थी. आरोपी लंबे समय से अपने पिता की हत्या का बदला लेने की फिराक में था.
जानकारी के अनुसार, होली की रात 3 मार्च 70 साल के बुजुर्ग रामसिया यादव वेसली नदी के पास बकरियां चरा रहे थे. उसी दौरान आरोपी गोधन यादव अपने दोस्त हरवेंद्र उर्फ करू यादव के साथ वहां पहुंचा. दोनों पहले से खेत में बैठकर शराब पी रहे थे और आपस में गाली-गलौज कर रहे थे. पास में बैठे रामसिया यादव ने उन्हें गाली देने से मना किया, जिससे विवाद और बढ़ गया. इसी दौरान आरोपी गोधन यादव को अपने पिता की हत्या की पुरानी घटना याद आ गई.
बुजुर्ग की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब 20 साल पहले उसके पिता की हत्या हुई थी. उस हत्या में मृतक रामसिया के भांजे ब्रजेश यादव और आरोपी की मां की भूमिका बताई जाती है. बताया जाता है कि ब्रजेश यादव और आरोपी की मां के बीच प्रेम प्रसंग था और दोनों ने मिलकर आरोपी के पिता की हत्या कराई थी. उस समय गोधन यादव की उम्र महज 14 साल की थी. पिता की हत्या के बाद से ही वह बदले की आग में जल रहा था और मौका मिलने का इंतजार कर रहा था.
रामसिया यादव पर कुल्हाड़ी से हमला किया
होली की रात जब रामसिया यादव वहां मिले तो आरोपी को लगा कि वह उसी परिवार का सदस्य है, जिसने उसके पिता की हत्या कराई थी. इसी गुस्से में उसने अपने दोस्त हरवेंद्र उर्फ करू यादव के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से रामसिया यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में रामसिया यादव की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी भागते समय यह कहते हुए जा रहा था कि उसने अपने पिता की हत्या का बदला ले लिया है. घटना की सूचना मिलते ही ऊमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया. पुलिस को मौके पर खून से लथपथ शव मिला. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया और मामले की जांच शुरू की गई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी.
दो आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी गोधन यादव और उसके साथी हरवेंद्र उर्फ करू यादव को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से और पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: 7 साल तक कैंसर से लड़े, अब जीती UPSC की जंग, 4 वर्षों की मेहनत से हासिल की 946वीं रैंक, ऐसी है संजय डहरिया की कहानी