भिंड में भीषण आग से हड़कंप: सरसों तेल के गोदाम में लगी आग, देर से पहुंची दमकल पर लोगों का फूटा गुस्सा

भिंड में सरसों तेल के गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग कुछ ही मिनटों में तीन मंजिला इमारत में फैल गई. दमकल की गाड़ियां देरी से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी देखी गई. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Bhind Fire News: भिंड में शुक्रवार सुबह अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सरसों तेल से भरे एक गोदाम में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे तीन मंजिला भवन को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से बढ़ी कि कुछ ही मिनटों में दूसरी मंजिल से उठी लपटें तीसरी मंजिल तक पहुंच गईं. देर से पहुंची दमकल गाड़ियों को लेकर लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा. हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था.

सुबह-सुबह लगी आग, मचा हड़कंप

यह घटना भिंड शहर के इटावा रोड स्थित 17 बटालियन के सामने हुई. सुबह करीब 6 बजे अचानक इमारत से धुआं उठता दिखाई दिया. शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य माना, लेकिन कुछ ही देर में आग ने तेज रूप ले लिया. देखते ही देखते इमारत की दूसरी मंजिल से उठी आग तीसरी मंजिल तक पहुंच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

Advertisement

सरसों तेल के गोदाम में लगी आग

जानकारी के अनुसार, इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर सरसों का गोदाम बना हुआ था, जहां भारी मात्रा में तेल और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी थी. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. तेल होने की वजह से आग तेजी से फैलती चली गई और हालात काबू से बाहर हो गए.

स्थानीय लोगों ने खुद संभाला मोर्चा

आग लगते ही आसपास के लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए खुद ही आग बुझाने की कोशिश शुरू की. लोगों ने अपने घरों की बोरिंग और मोटरों से पानी डालकर आग को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ज्वलनशील पदार्थ ज्यादा होने के कारण आग बुझ नहीं सकी और और भी फैलती गई.

दमकल के देर से पहुंचने पर भड़का गुस्सा

घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां देर से मौके पर पहुंचीं. इस बात को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. लोगों का कहना था कि अगर दमकल समय पर आ जाती तो नुकसान काफी हद तक कम हो सकता था. मौके पर भीड़ बढ़ने लगी और स्थिति बिगड़ने लगी, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.

पुलिस ने संभाली स्थिति

भीड़ को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करने की कोशिश की. पुलिस ने समझाइश देकर लोगों को काबू में किया और दमकल कर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य करने में सहयोग दिलाया. इसके बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे.

Advertisement

दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू

दमकल विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की लगातार कोशिश के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में सरसों का तेल और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खत्म हो चुका था. आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरी इमारत धुएं से घिर गई थी.

पेंट गोदाम बचा, टला बड़ा हादसा

इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इमारत के भूतल पर बने कलर पेंट के गोदाम तक आग नहीं पहुंची. अगर आग वहां तक पहुंच जाती, तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और आसपास का पूरा इलाका इसकी चपेट में आ सकता था. समय रहते पेंट गोदाम को खाली करवा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

Advertisement