Bhind Car Fire: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मालनपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब चलती हुई शिफ्ट डिजायर कार में अचानक भीषण आग लग गई. यह घटना औद्योगिक क्षेत्र स्थित मार्बल विनाइल फैक्ट्री के पास की है, जहां कुछ ही पलों में कार आग के गोले में तब्दील हो गई. कार में आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.
कार के बोनट से अचानक उठने लगा धुआं
मिली जानकारी के अनुसार, कार मालिक गजेंद्र सिंह राजपूत अपनी फैक्ट्री से घर लौट रहे थे. जैसे ही वह मार्बल विनाइल फैक्ट्री के पास पहुंचे, तभी उनकी कार के बोनट से अचानक धुआं उठने लगा. शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य तकनीकी खराबी समझा, लेकिन देखते ही देखते धुआं तेज हो गया और कार में आग की लपटें उठने लगीं. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए गजेंद्र सिंह राजपूत ने बिना समय गंवाए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया.
ऐसे बचाई जान
उन्होंने तुरंत कार का शीशा तोड़ा और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. उनकी इस सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया, क्योंकि कुछ ही क्षणों में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और धू-धूकर जलने लगी. घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, लेकिन आग की भयावहता के चलते कोई भी कार के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका. लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी.
इलाके में हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में आग लगने के बाद कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई थी. वहीं, घटना का वीडियो भी किसी स्थानीय व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें कार को आग की लपटों और धुंआ में घिरा साफ देखा जा सकता है. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और तकनीकी विशेषज्ञों से भी राय ली जा रही है, ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार मालिक को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है. समय रहते दिखाई गई सतर्कता ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया.