डिलीवरी के बाद बिगड़ी हालत, रास्ते में प्रसूता की मौत; शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे परिजन 

मध्य प्रदेश के बैतूल में डिलीवरी के बाद एक प्रसूता की हालत बिगड़ने से रास्ते में मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया. उनका कहना है कि समय पर इलाज और रेफर नहीं किया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Betul Pregnant Woman Death: डिलीवरी के बाद अचानक बिगड़ी हालत और फिर रास्ते में मौत. बैतूल से सामने आई यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है. प्रसूता की जान नहीं बची तो गुस्साए परिजन शव वाहन लेकर सीधे कलेक्ट्रेट पहुंच गए. उनका आरोप है कि समय पर इलाज और सही देखभाल मिलती तो महिला की जान बच सकती थी. इस घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

डिलीवरी के बाद बिगड़ी तबीयत, रास्ते में तोड़ा दम

मामला बैतूल जिले के मुलताई ब्लॉक के करपा गांव का है, जहां रहने वाली रोशनी पवार की मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक, महिला की पहले नॉर्मल डिलीवरी हुई थी और उस वक्त उसकी हालत ठीक थी. लेकिन कुछ समय बाद अचानक ब्लीडिंग शुरू हो गई. हालत गंभीर होने पर जब उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया.

Advertisement

अस्पताल पर लापरवाही के आरोप

परिजनों ने मुलताई के सरकारी अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि अस्पताल स्टाफ ने समय पर सही इलाज नहीं किया और स्थिति बिगड़ने के बावजूद महिला को समय पर रेफर भी नहीं किया गया. परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते उचित कदम उठाए जाते तो यह हादसा टल सकता था.

न्याय की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे परिजन

घटना के बाद गुस्साए परिजन चुप नहीं बैठे. वे शव वाहन में महिला का शव लेकर सीधे कलेक्ट्रेट पहुंच गए. वहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए पूरे मामले की जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया.

अधिकारियों ने दिया जांच का भरोसा

मामले की जानकारी मिलते ही सीएमएचओ और सिविल सर्जन मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों से बात की और पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी, लेकिन पहले जांच पूरी होना जरूरी है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा सच

अधिकारियों के अनुसार, महिला की मौत जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं.

Advertisement