MP News: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आठनेर पुलिस ने धामोरी गांव में हुए 'अंधे कत्ल' की गुत्थी सुलझा ली है. हैरान करने वाली बात यह है कि इस खौफनाक वारदात को किसी पेशेवर अपराधी ने नहीं, बल्कि गांव के ही 7 नाबालिग लड़कों ने अंजाम दिया है.
क्या है पूरा मामला?
बीती 21 अप्रैल 2026 को सावंगी गांव के पास एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान उमेश सोभनाते के रूप में की गई. मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए.
हत्या की वजह: 'साख' और 'नाराजगी'
बैतूल पुलिस अधीक्षक (IPS) वीरेंद्र जैन के मुताबिक मृतक उमेश का गांव की ही एक महिला के घर आना-जाना था. महिला के दो नाबालिग बेटों को यह बात बिल्कुल पसंद नहीं थी और वे इसे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा के खिलाफ मानते थे. इसी नाराजगी के चलते दोनों बेटों ने अपने 5 अन्य साथियों के साथ मिलकर उमेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची और फिर वारदात को अंजाम दे दिया.
धोखे से बुलाया, फिर किया हमला
योजना के मुताबिक, नाबालिगों ने उमेश को धोखे से सुनसान जगह पर बुलाया. वहां सभी ने मिलकर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद क्षेत्र में फैले तनाव को देखते हुए आठनेर थाना पुलिस ने घेराबंदी की और सभी 7 नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है.
MP: 6 साल बाद राज्य महिला आयोग में नियुक्ति! पूर्व विधायक रेखा यादव बन सकती हैं अध्यक्ष- सूत्र
भाजपा MLA प्रीतम लोधी ने मांगी माफी, CM हाउस पहुंचकर दी सफाई; जानें क्या है पूरा विवाद?