ASI Threatens TI Gwalior: ग्वालियर में पुलिस विभाग की अनुशासन व्यवस्था पर उस वक्त सवाल खड़े हो गए, जब थाने के अंदर ही एक एएसआई ने अपने ही सीनियर दारोगा पर सरकारी पिस्टल तान दी. यह पूरी घटना तिघरा थाना परिसर की है, जहां एक शिकायत की जांच को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते गंभीर स्थिति में बदल गया. इस सनसनीखेज घटनाक्रम के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत सख्त कार्रवाई करनी पड़ी.
शिकायत की जांच ने लिया विवाद का रूप
तिघरा थाने में पदस्थ एएसआई फिरोज खान और दारोगा महेंद्र कुशवाह के बीच एक शिकायती आवेदन की जांच को लेकर बहस शुरू हुई थी. पहले बात सिर्फ कहासुनी तक सीमित रही, लेकिन कुछ ही देर में यह विवाद उग्र हो गया. दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी, जिससे थाने का माहौल तनावपूर्ण हो गया.
गुस्से में एएसआई ने तानी सरकारी पिस्टल
बहस बढ़ने के दौरान एएसआई फिरोज खान अपना आपा खो बैठा. गुस्से में उसने सरकारी पिस्टल निकालकर दारोगा महेंद्र कुशवाह की ओर तान दी और गोली मारने की धमकी दे डाली. यह दृश्य देखकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए. थाने के भीतर ऐसा नजारा किसी ने सोचा भी नहीं था.
साथी पुलिसकर्मियों ने संभाली स्थिति
स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया. किसी तरह दोनों को अलग किया गया और बड़ा हादसा टल गया. बताया जा रहा है कि जिस शिकायत को लेकर विवाद हुआ, उसमें थाने के ही दो सिपाहियों के नाम भी सामने आए हैं.
दो सिपाहियों का भी नाम आया सामने
इस पूरे विवाद में सिपाही कमल रावत और सिपाही रवि गुर्जर की भूमिका भी सामने आई है. शिकायत से जुड़ा मामला होने के कारण इन दोनों के नाम भी जांच में शामिल किए गए. घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शिवराम सिंह कंसाना ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी.
एसएसपी ने की सख्त कार्रवाई
घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी धर्मवीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया. अनुशासनहीनता को किसी भी हालत में बर्दाश्त न करते हुए उन्होंने एएसआई फिरोज खान, सिपाही कमल रावत और सिपाही रवि गुर्जर तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है. मामले की आगे जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर और भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं.