बुर्के में घर लौटी नाबालिग से खुले राज! भोपाल के जस्सी किन्नर की गिरफ्तारी के बाद खुली जांच की परतें

मध्य प्रदेश के अशोकनगर में बुर्के में घर लौटी नाबालिग लड़की के मामले में बड़े खुलासे हो रहे हैं. जांच में धर्म परिवर्तन और अवैध संबंधों से जुड़े एक कथित नेटवर्क की बात सामने आई है. भोपाल के जस्सी किन्नर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच तेज हो गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Ashoknagar Minor Conversion Case: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में एक नाबालिग लड़की के बुर्के में घर लौटने के बाद सामने आए मामले ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है. जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, धर्म परिवर्तन और अवैध संबंधों से जुड़े एक कथित नेटवर्क की परतें खुलती चली गईं. इस मामले में भोपाल के जस्सी किन्नर की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद अब नए‑नए खुलासे हो रहे हैं और मामला और गंभीर होता जा रहा है.

जस्सी किन्नर की गिरफ्तारी से बदली जांच की दिशा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस प्रकरण में भोपाल निवासी जस्सी किन्नर का नाम सामने आते ही उसे सीहोर बायपास से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे लेकर अशोक नगर पहुंची, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर पूरे मामले के कई अहम पहलू सामने आ रहे हैं.

Advertisement

नाबालिगों से संपर्क का आरोप

बताया जा रहा है कि नाबालिग बच्चियां भोपाल में मुस्लिम किन्नर जस्सी के संपर्क में आई थीं. आरोप है कि जस्सी किन्नर ने ही नाबालिग लड़की की जान‑पहचान मुस्लिम युवकों से करवाई. इसके बाद सुनियोजित तरीके से पूरा जाल बुना गया और सुरक्षा का हवाला देकर नाबालिग को बुर्का पहनाया गया.

दोस्तों तक फैला मामला

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कथित तौर पर नाबालिग लड़की ही नहीं, बल्कि उसकी कुछ सहेलियां भी इस नेटवर्क का शिकार बनीं. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कौन‑कौन लोग शामिल थे और किस स्तर तक यह नेटवर्क फैला हुआ है.

घर पहुंचते ही हुआ मामले का खुलासा

जब नाबालिग लड़की बुर्के में अपने घर अशोक नगर पहुंची, तब परिजनों को शक हुआ और मामला सामने आया. इसके बाद अवैध संबंधों और जबरन धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोप उजागर हुए. पीड़िता की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को बहला‑फुसलाकर भोपाल ले जाया गया था. पीड़िता की मां का कहना है कि उनकी बेटी को धमकाकर उसके साथ गलत किया गया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसके बाद जस्सी किन्नर की भूमिका सामने आई.

काजल ठाकुर किन्नर का बयान

इस मामले में काजल ठाकुर किन्नर का बयान भी सामने आया है. उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि गरीब बच्चों को टारगेट किया जा रहा है और पूरे नेटवर्क की पहचान जरूरी है. काजल ठाकुर का कहना है कि इस मामले में और भी बड़े नाम शामिल हो सकते हैं.

Advertisement

धर्म परिवर्तन को लेकर लगाए गंभीर आरोप

काजल किन्नर ने यह भी आरोप लगाए हैं कि पहले कई किन्नरों का धर्म परिवर्तन कराया गया था, लेकिन हाल ही में भोपाल में बड़ी संख्या में किन्नरों की रीति‑रिवाज से हिंदू धर्म में वापसी कराई गई है. उनके मुताबिक, इस पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके.