टीकमगढ़ में शहीद स्थल की जमीन दमोह कलेक्टर पर हड़पने का आरोप, MLA बोले- फर्जीवाड़ा किया, कलेक्टर ने किया खारिज

टीकमगढ़ के बड़ागांव धसान में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नारायणदास खरे के शहीद स्थल की जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया है. कांग्रेस विधायक ने दमोह कलेक्टर और उनके बेटे पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नारायण दास खरे का शहीद स्थल.

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में शहीद स्थल को लेकर बवाल खड़ा हो गया है. दमोह जिले के कलेक्टर और उनके बेटे पर शहीद स्थल की जमीन को हड़पने का आरोप लगा है. यह आरोप किसी और ने नहीं कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह ने लगाया है. वहीं, कलेक्टर ने इन आरोपों को खारिज किया है.

दरअसल, टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव धसान में नरोशा नाला के पास स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नारायणदास खरे का शहीद स्थल है. कांग्रेस विधायक ने दमोह कलेक्टर पर इसी शहीद स्थल को बदलने और उस पर कब्जा करने का आरोप लगाया है. इस मुद्दे ने तूल भी पकड़ लिया है. कांग्रेस विधायक यादवेन्द्र सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा, "जमीन सीमांकन के दौरान यह जमीन दमोह के कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और उनके पुत्र के नाम निकली है, जो गलत है. जिला प्रशासन इस स्थल से छेड़छाड़ कर शहीद स्थल बदलने की फिराक में, लेकिन मैं ऐसा नहीं होने दूंगा. यह शहीद स्थल के नाम दर्ज यह जमीन कलेक्टर के नाम कैसे हो गई, यह फर्जीनामा है."

Advertisement

टीकमगढ़ के कलेक्टर ने आरोपों को खारिज किया

वहीं, इस आरोप को टीकमगढ़ के कलेक्टर विवेक श्रोतीय ने खारिज किया है. उन्होंने कहा कि जब जमीन का सीमांकन कराया गया तो शहीद स्थल से जमीन अलग निकली, जो शहीद स्थल की बाउंड्री वॉल (दीवार) से बाहर है. उन्होंने कहा कि शहीद स्थल की जमीन जहां है वहीं रहेगी, उस जमीन से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी.  

दमोह कलेक्टर के बेटे ने क्या कहा

वहीं, दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के बेटे अभिषेक का कहना है, शहीद स्थल से लगी मेरी जमीन पर अबैध निर्माण करवाया जा रहा था, जिसको लेकर मैंने अपनी जमीन का सीमांकन करवाने के लिए आवेदन दिया था. इसमे मेरी जमीन शहीद स्थल की जमीन से हटकर निकली. मैंने शहीद स्थल बदलने का कोई आवेदन नहीं दिया. अगर शहीद स्थल के मेरी जमीन की जरूरत पड़ती है तो मैं देने को तैयार हूं. अभिषेक का कहना है कि कुछ लोग अफवाहें फैला रहे हैं.

पूर्व विधायक ने किस पर लगाया जमीन हड़पने का आरोप

वहीं, टीकमगढ़ के पूर्व विधायक राकेश गिरी का कहना है कि अमर शहीद नारायण दास की जहां प्रतिमा लगी है, वह खसरा नंबर-136 में है. वह शहीद स्थल के नाम से दर्ज है, लेकिन खसरा नंबर-137 में जो जमीन है, वह दमोह कलेक्टर पीएन यादव और उनके परिजनों के नाम है. आरोप लगाया कि इसी जमीन पर वहां के कांग्रेसी समर्थक सरपंच ने अतिक्रमण कर निर्माण किया था. इसको लेकर दमोह के कलेक्टर पीएन यादव के बेटे ने उसका सीमांकन करवाया था, जिसमें अतिक्रमण पाया गया. शहीद स्थल को हटाने के आरोप गलत है.