मध्य प्रदेश के ग्वालियर में वायुसेना स्टेशन से विमान संबंधी कबाड़ चोरी होने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है. एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि शहर के महाराजपुरा इलाके में स्थित वायुसेना स्टेशन में कबाड़ गायब मिलने के बाद सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
महाराजपुरा थाने के प्रभारी निरीक्षक यशवंत गोयल ने बताया कि वायुसेना स्टेशन से विमान संबंधी कबाड़ चोरी करने में कुछ मजदूर कथित रूप से शामिल थे. उन्होंने बताया कि मामला वायुसेना से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
कचरा ट्रॉली से सामान को निकाला बाहर
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर कबाड़ को कचरे के नीचे छिपाकर एक कचरा संग्रहण ट्रॉली के जरिए वायुसेना स्टेशन से बाहर निकाला था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कबाड़ बरामद कर लिया है.
ये भी पढ़ें- IAS तृप्ति सिंह: फर्जी अफसर UPSC लिस्ट एडिट कर SDM बनी; कोचिंग में टिप्स देकर लाखों ऐंठे