Holi 2026 Date, Shubh Muhurat: देश में होली (Holi 2026) के लिए बाजार रंग, गुलाल और पिचकारियों से सज गया है. फाल्गुन पूर्णिमा पर मनाये जाने वाला यह त्योहार हिंदू धर्म के लिए काफी महत्वपूर्ण है. हालांकि इस साल होली की तारीख को लेकर एक बार फिर लोगों में कन्फ्यूजन हो गया है. कोई 3 मार्च तो कोई 4 मार्च को होली बता रहा है.... दरअसल, ये सारी कन्फ्यूजन होली के समय लग रहे चंद्र ग्रहण और भद्रा काल के कारण हो रही है. ऐसे में कई लोग यह सोच रहे हैं कि इस बार होलिका दहन और रंगोत्सव वाली होली किस दिन मनाएं? क्या है सही तारीख? किस दिन होलिका दहन करें और किस दिन होली खेलना सही है? ऐसे में हम यहां आपको होली की सही तारीख, होलिका दहन का शुभ मुहूर्त आदि के बारे में बताएंगे.
फाल्गुन माह की पूर्णिमा तिथि और भद्रा काल
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल सोमवार, 2 मार्च, 2026 की शाम 5:18 बजे से फाल्गुन माह की पूर्णिमा तिथि शुरू हो रही है, जबकि पूर्णिमा तिथि का समापन मंगलवार, 3 मार्च 2026 की शाम 4:33 बजे हो रहा है. वहीं भद्रा की छाया 2 मार्च को शाम 5:55 बजे से लेकर कल यानी 3 मार्च को सुबह 5:28 बजे तक रहेगी.
कब है होलिका दहन का शुभ मुहूर्त (Holika Dahan 2026 Shubh Muhurat)
बता दें कि इस बार होलिका दहन 2 मार्च को किया जाएगा. दरअसल, 2 मार्च की मध्यरात्रि 12:50 बजे से लेकर रात 2:02 बजे तक होलिका दहन का श्रेष्ठ मुहूर्त रहेगा.
कितने बजे लगेगा चंद्र ग्रहण?
होलिका दहन रात और रंगोत्सव अगले दिन सुबह मनाया जाता है. हालांकि 3 मार्च 2026 को चंद्र ग्रहण लगेगा. ऐसे में चंद्र ग्रहण के प्रभाव में होली खेलना बिल्कुल उचित नहीं होगा. बता दें कि भारतीय समयानुसार, चंद्र ग्रहण 3 मार्च को दोपहर 3: 20 बजे आरंभ होगा. वहीं ग्रहण का मध्यकाल शाम 5:04 बजे होगा. चंद्र ग्रहण का समापन शाम 6:47 बजे पर होगा.
ये भी पढ़ें: Holi 2026 Wishes: 'रंगों की फुहार हो, अपनों का खूब सारा प्यार हो...' होली पर प्रियजनों को भेजें खास शुभकामनाएं संदेश
कब खेली जाएगी होली? (Holi 2026 Date)
हिंदू पंचांग के अनुसार, चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि की शुरुआत 03 मार्च को शाम 05:07 बजे से शुरू होगी और समापन 04 मार्च की शाम 04: 48 बजे पर होगा. ऐसे में चंद्र ग्रहण समाप्त होने के बाद अगले दिन यानी बुधवार, 4 मार्च को धुलंडी यानी रंग वाली होली खेली जाएगी.
छत्तीसगढ़ में कब होगी होली
छत्तीसगढ़ में होली 4 मार्च को मनाई जाएगी. छत्तीसगढ़ में होली को होरी के नाम से जाना जाता है और यहां इस पर्व पर लोक-गीतों का बहुत प्रचलन है.
MP में इस दिन खेली जाएगी रंगों की होली
मध्य प्रदेश में इस बार 4 मार्च को होली खेली जाएगी. हालांकि मध्य प्रदेश के मालवा अंचल में होली के पांचवें दिन रंगपंचमी मनाई जाती है, जो मुख्य होली से भी अधिक जोर शोर से खेली जाती है. इस साल रंगपंचमी 8 मार्च को मनाई जाएगी.
ये भी पढ़ें: Holi 2026: क्यों मनाई जाती है होली? कैसे हुई इसकी शुरुआत, यहां जानिए इसके पीछे की अनोखी कहानी