Bhopal News: मध्यप्रदेश की प्रतिभाशाली लड़कियों और मॉडल्स को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मिस यूनिवर्स मध्यप्रदेश 2026 (Miss Universe Madhya Pradesh 2026) और मिस टीन मध्यप्रदेश 2026 (Miss Teen Madhya Pradesh) का आयोजन किया जा रहा है. ग्लेमानंद एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से होने वाले इस कंपीटिशन में मॉडलिंग और फैशन के क्षेत्र में काम करने वाली गर्ल्स को विशेष मंच मिलेगा. यह जानकारी मंगलवार को होटल आमेर पैलेस में आयोजित प्रेसवार्ता में स्टेट डायरेक्टर डॉ. शेफाली शर्मा ने दी. डॉ. शेफाली ने बताया कि दोनों प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं को एक ही मंच पर आयोजित किया जाना इस पहल की विशेषता है, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों को न केवल अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, बल्कि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान भी बना सकेंगी. ‘मिस यूनिवर्स मध्यप्रदेश 2026' की विजेता ‘मिस यूनिवर्स इंडिया 2026' में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी, वहीं ‘मिस टीन मध्यप्रदेश 2026' की विजेता ‘मिस टीन इंडिया' के जरिए अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचेंगी.
12 मई को होगा फाइनल कंपीटिशन
डॉ. शैफाली ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं का ग्रैंड फिनाले 12 मई 2026 को भोपाल में आयोजित होगा, जिसमें सौंदर्य, प्रतिभा और आत्मविश्वास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. टू पेजेंट्स, वन प्लेटफॉर्म, इनफिनिट पॉसिबिलिटीज की थीम के साथ यह आयोजन प्रदेश की युवतियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने जा रहा है. ग्रैंड फिनाले में ‘मिस यूनिवर्स इंडिया 2025' की विजेता मानिका विश्वकर्मा बतौर जज शामिल होंगी. डॉ. शेफाली शर्मा ने बताया कि यह मंच केवल सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और सशक्तिकरण का माध्यम है. उन्होंने कहा कि आज की युवा महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और ऐसे मंच उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान करते हैं. उनकी ‘सत्यभा मॉडल ट्रेनिंग एंड ग्रूमिंग एकेडमी' के माध्यम से अब तक हजारों युवतियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित किया गया है.
तीन शहरों में होंगे ऑडिशन
प्रतियोगिता के लिए ऑडिशन भोपाल, इंदौर और रीवा में आयोजित किए जाएंगे, जहां चयनित प्रतिभागियों को फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री के विशेषज्ञों द्वारा विशेष ग्रूमिंग और प्रशिक्षण दिया जाएगा. ‘मिस यूनिवर्स मध्यप्रदेश' के लिए 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं (विवाहित और अविवाहित दोनों) पात्र होंगी, जबकि ‘मिस टीन मध्यप्रदेश' के लिए 13 से 19 वर्ष की प्रतिभागी आवेदन कर सकेंगी.
ये भी पढ़ें: निखिल की बुशमैन एक्ट ने अक्षय कुमार और दर्शकों को शो पर हंसी से लोटपोट किया