Campus Beats 6 Latest: सुवांश धर (Suvansh Dhar) इन दिनों कैम्पस बीट्स 6 (Campus Beats 6) में अपने दमदार प्रदर्शन को लेकर लगातार चर्चा में हैं. खासतौर पर जिस तरह उन्होंने एक गे किरदार को संवेदनशीलता और सहजता के साथ निभाया है, वह दर्शकों और समीक्षकों दोनों का ध्यान खींच रहा है. यूथ-बेस्ड शो में इस तरह का किरदार निभाना अब भी मुख्यधारा में बहुत आम नहीं है, लेकिन सुवांश ने इसे बिना किसी झिझक या बनावटीपन के, पूरी ईमानदारी के साथ पेश किया है.
संतुलित और प्रोफेशनल
इंटिमेट सीन को लेकर बात करते हुए सुवांश का नजरिया काफी संतुलित और प्रोफेशनल नजर आता है. उन्होंने साफ कहा कि उनके लिए यह कभी सेम जेंडर या डिफरेंट जेंडर का मामला नहीं रहा. मैं इंटिमेट सीन करने में पूरी तरह कंफर्टेबल था. उन्होंने कहा कि जब बात सेम जेंडर के साथ सीन करने की आई, तो मैंने इसे अलग तरीके से नहीं देखा. मैंने इसे उसी तरह अप्रोच किया जैसे मैं अपने पिछले प्रोजेक्ट्स में अपोजिट जेंडर के साथ करता आया हूं. उनके अनुसार सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सीन स्क्रीन पर वास्तविक लगे. आज का दर्शक काफी जागरूक है और किसी भी तरह की नकली भावनाओं को तुरंत पहचान लेता है. आप दर्शकों के सामने कुछ भी फेक नहीं कर सकते. कैमरा हर छोटी चीज पकड़ लेता है. इसलिए जरूरी है कि आप अपने प्रदर्शन को ईमानदार और नैचुरल रखें. सुवांश ने यह भी बताया कि ऐसे सीन में को-एक्टर के साथ आपसी समझ और सहजता बेहद अहम होती है. अगर कैमरे के बाहर दोनों कलाकारों के बीच भरोसा और कंफर्ट हो, तो वह स्क्रीन पर भी साफ झलकता है.
कनेक्शन ऐसे सीन को प्रभावी बनाने में बड़ी भूमिका निभाता
उन्होंने यह भी साझा किया कि आजकल फिल्म और वेब शोज के सेट पहले से कहीं अधिक प्रोफेशनल और स्ट्रक्चर्ड हो गए हैं. खासकर इंटिमेसी को लेकर अब एक सुरक्षित और संवेदनशील माहौल बनाया जाता है. आजकल सेट पर इंटिमेसी कोच होते हैं, जो कलाकारों की झिझक दूर करने और उन्हें सहज बनाने में मदद करते हैं, ताकि वे इंटिमेट सीन को पूरी ईमानदारी के साथ निभा सकें.
ये भी पढ़ें: 'राका' में भी अल्लू अर्जुन का दिखेगा जलवा, किरदार के नाम पर ही होगा फिल्म का टाइटल