Sumit Gahlawat News: जैसे-जैसे द केरल स्टोरी 2 (The Kerala Story 2) सिनेमाघरों में चर्चा का विषय बनी हुई है, वैसे-वैसे अभिनेता सुमित गहलावत (Sumit Gahlawat) को फिल्म में ‘सलीम' के दमदार किरदार के लिए सराहना मिल रही है. इसी बीच चर्चित अभिनेता जयदीप अहलावत (Jaideep Ahlawat) ने भी सोशल मीडिया पर सुमित के अभिनय की तारीफ की है. जयदीप अहलावत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर सुमित के काम की सराहना करते हुए एक भावुक संदेश लिखा कि Keep shining and keep working. उनका यह संदेश तेजी से लोगों का ध्यान खींचने लगा और दोनों कलाकारों के बीच के खास रिश्ते को भी दर्शाता है.
बड़े भाई जैसा बताया
सुमित के लिए जयदीप की यह सराहना बेहद खास मायने रखती है. इस बारे में बात करते हुए सुमित ने वरिष्ठ अभिनेता के प्रति अपना आभार और सम्मान व्यक्त किया और उन्हें अपने सफर में एक मेंटर और बड़े भाई जैसा बताया. सुमित ने कहा कि जयदीप अहलावत हमेशा मेरे लिए बड़े भाई जैसे रहे हैं. शुरुआत से ही उन्होंने मुझे ईमानदारी और स्नेह के साथ मार्गदर्शन दिया है. उनके शब्द मेरे लिए बहुत मायने रखते हैं क्योंकि उन्होंने मेरी पूरी यात्रा देखी है और मैं उन्हें एक कलाकार और इंसान दोनों के रूप में बहुत सम्मान देता हूं. द केरल स्टोरी 2 के लिए उनसे सराहना मिलना मुझे और बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है. सुमित ने यह भी कहा कि एक अभिनेता के तौर पर जयदीप अहलावत का सफर हमेशा उनके लिए प्रेरणादायक रहा है.
उन्होंने आगे कहा कि जयदीप अहलावत ने मुझे अभिनय की बुनियादी बातें हमेशा सिखाईं अपने डायलॉग्स याद करो, उस पल में मौजूद रहो और सबसे महत्वपूर्ण, अपनी सांसों पर ध्यान दो. मुझे खुशी है कि मैं उन्हें गर्व महसूस करा पा रहा हूं और उनके बिना शर्त समर्थन के लिए मैं उनका आभारी हूं.
मजबूत प्रतिक्रिया मिल रही
द केरल स्टोरी 2 को दर्शकों और इंडस्ट्री से लगातार मजबूत प्रतिक्रिया मिल रही है और सुमित गहलावत का प्रदर्शन भी धीरे-धीरे व्यापक पहचान हासिल कर रहा है. जयदीप अहलावत जैसे मेंटर्स का साथ मिलने से यह उभरते अभिनेता की यात्रा को और मजबूती देता दिखाई दे रहा है.
यह भी पढ़ें : Priyanka Chopra के नक्शे-कदम पर चलते हुए Sanjana Sanghi हार्वर्ड के मंच पर