Maatrubhumi Latest: ईद के मौके पर जब लोग चांद का इंतजार करते हैं, उसी एहसास को एक भावुक कहानी में पिरोते हुए सलमान खान (Salman Khan) अपने चाहने वालों के लिए एक खास तोहफा लेकर आए हैं. उनकी फिल्म मातृभूमि: मे वार रेस्ट इन पीस (Maatrubhumi: May War Rest In Peace) का नया गीत चांद देख लेना जारी हो चुका है और यह सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि प्यार, इंतजार और उम्मीद की कहानी है.
दिलों का जुड़ाव
इस गीत में चित्रांगदा सिंह और सलमान खान की जोड़ी एक ऐसे रिश्ते को जीवंत करती है, जिसमें दूरियां तो हैं, लेकिन दिलों का जुड़ाव और भी गहरा हो जाता है. कहानी एक सैनिक और उसकी पत्नी के इर्द-गिर्द घूमती है. वह सरहद पर देश की रक्षा कर रहा है और वह घर पर उसके लौटने की आस लगाए बैठी है. 'चांद देख लेना' की खासियत यह है कि इसमें चांद को भावनाओं का प्रतीक बनाया गया है. ईद का चांद जहां खुशियों और मिलन का संदेश देता है, वहीं करवा चौथ का चांद प्यार, भरोसे और इंतजार की गहराई को दिखाता है. यह गीत इन दोनों भावनाओं को बहुत ही सहज तरीके से जोड़ देता है. इस मधुर संगीत को हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है, जिनकी धुनें हमेशा दिल को छू जाती हैं. वहीं, अपनी आवाज दी है नए और प्रतिभाशाली गायक निहाल टौरो और अंकोना मुखर्जी ने, जिन्हें इस गीत के जरिए बड़ा अवसर मिला है.
दर्शकों ने खूब सराहा
फिल्म के पहले आए गीतों को दर्शकों ने खूब सराहा है और अब यह नया गीत कहानी के भावनात्मक पक्ष को और मजबूत करता है. पहले इस फिल्म का नाम 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था. लेकिन बाद में इसे बदलकर 'मातृभूमि: मे वार रेस्ट इन पीस' कर दिया गया, ताकि कहानी में छिपे मानवीय पहलू और गहराई से सामने आ सकें. सलमान खान द्वारा निर्मित और अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म बहादुरी, त्याग और रिश्तों की मजबूती की कहानी पेश करने वाली है. कुल मिलाकर 'चांद देख लेना' केवल एक गीत नहीं, बल्कि उन अनगिनत परिवारों की भावनाओं का आईना है, जो अपने प्रियजनों का इंतजार करते हुए भी गर्व के साथ उनका साथ निभाते हैं.
यह भी पढ़ें : 'सरके चुनर' को लेकर महिला आयोग ने संजय दत्त-नोरा फतेही समेत निर्देशक को भेजा समन