Children Of God Film: साईं बाबा पर आधारित फिल्मों और टेलीविजन शोज के लिए पहचाने जाने वाले औशिम खेतरपाल अब अपनी नई फिल्म चिल्ड्रन ऑफ गॉड (Children Of God) के साथ एक सशक्त सामाजिक विषय को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं. फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है, जो पहचान, अस्वीकृति और स्वीकार्यता की गहरी और भावनात्मक कहानी की झलक देता है. यह फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है.
कहानी सच्चाई से निकली
फिल्म का निर्देशन आशीष सक्सेना ने किया है. उन्होंने कहा कि यह कहानी सच्चाई से निकली है. हमने इसे पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ पेश करने की कोशिश की है. ‘चिल्ड्रन ऑफ गॉड' सिर्फ पहचान की नहीं, बल्कि इंसानियत और सहानुभूति की भी कहानी है. यह फिल्म वास्तविक जीवन की घटनाओं से प्रेरित है और भारतीय समाज में LGBTQIA+ समुदाय के अनुभवों, संघर्षों और स्वीकार्यता की यात्रा को संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत करती है. फिल्म के बारे में बात करते हुए औशिम खेतरपाल ने कहा कि चिल्ड्रन ऑफ गॉड' सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उन अनगिनत आवाजों की सच्चाई है जिन्हें अक्सर अनसुना कर दिया जाता है. यह फिल्म हमें याद दिलाती है कि पहचान समाज नहीं तय करता, बल्कि हमारी आत्मा करती है. खुद को स्वीकार करना ही सबसे बड़ा साहस है.
चुनौतीपूर्ण किरदार
मुख्य अभिनेता आकाश वर्मा, जो फिल्म में अमित/अमिता का चुनौतीपूर्ण किरदार निभा रहे हैं, ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह भूमिका मेरे लिए बेहद खास रही, इसने मुझे उन भावनाओं और संघर्षों को समझने का मौका दिया, जिनसे कई लोग रोज गुजरते हैं. यह सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी थी. फिल्म में औशिम खेतरपाल के साथ आकाश वर्मा और राधिका खेतरपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. सहायक कलाकारों में सार्थक कपूर, प्रिंस राजीव, एन.के. सिंह, भाव्या सिंह, राज चौधरी, रनेशा अग्रवाल, अभिषेक सिन्हा, शोभना खत्री और अन्नू शर्मा शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: इंतजार खत्म, 'भूत बंगला' की एडवांस बुकिंग आज से शुरू