'सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं'- मुख्यमंत्री साय ने टॉपर्स से किया संवाद, अनुशासन और मेहनत का दिया मंत्र 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉपर्स से संवाद किया. उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, मेहनत, अनुशासन और सही दिनचर्या ही उपलब्धि की असली कुंजी है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins

CM Vishnu Deo Sai Toppers Interaction: रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का माहौल उस समय खास बन गया, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले मेधावी विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया. इस अवसर पर न केवल विद्यार्थियों को बधाई दी गई, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन भी मिला. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, मेहनत, अनुशासन और सही दिनचर्या ही असली कुंजी है.

मुख्यमंत्री निवास में उत्साह और अपनत्व का माहौल

सिविल लाइन्स स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस मुलाकात के दौरान माहौल बेहद सकारात्मक और प्रेरणादायी रहा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों से सहज बातचीत करते हुए उनके सपनों, पढ़ाई की आदतों, सफलता के अनुभवों और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की. बच्चे भी खुलकर अपनी बातें रखते नजर आए.

Advertisement

मेहनत और शिक्षा पर सीएम का जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच जरूरी है. उन्होंने बताया कि पढ़ाई सिर्फ परीक्षा पास करने का जरिया नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का सबसे मजबूत आधार है. शिक्षा से ही व्यक्ति और समाज का विकास संभव है.

बड़े सपने देखने वालों को मिलती है बड़ी सफलता

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बारी-बारी परिचय लिया और उनके भविष्य के सपनों के बारे में पूछा. विद्यार्थियों ने डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस, आईपीएस जैसे पदों पर पहुंचकर देशसेवा करने की इच्छा जताई. इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो बड़े सपने देखते हैं, वही जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल करते हैं.

दिनचर्या और समय प्रबंधन का महत्व

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई की दिनचर्या और सफलता के अनुभव भी साझा करने को कहा. उन्होंने बताया कि नियमित दिनचर्या, समय का सही उपयोग और लगातार अभ्यास ही सफलता की असली चाबी है. खुद अपने जीवन का उदाहरण देते हुए उन्होंने अनुशासन का महत्व समझाया.

स्वास्थ्य, योग और संतुलित जीवन की सीख

मुख्यमंत्री साय ने पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य को भी उतना ही जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन रहता है. विद्यार्थियों को योग और नियमित व्यायाम अपनाने की सलाह देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वे स्वयं भी रोज योग करते हैं, चाहे दिन कितना ही व्यस्त क्यों न हो.

Advertisement

संघर्ष भरे जीवन के अनुभव साझा किए

विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने अपने जीवन के संघर्षों को भी साझा किया. उन्होंने बताया कि बचपन में पिता के निधन के बाद परिवार की सारी जिम्मेदारियां उन पर आ गई थीं. खेती-किसानी, भाइयों की पढ़ाई और परिवार की देखभाल के बीच उन्होंने कठिन हालात का सामना किया, लेकिन कभी हार नहीं मानी.

चुनौतियां ही बनाती हैं इंसान को मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे इतने बड़े पद तक पहुंचेंगे, लेकिन जो जिम्मेदारी मिली, उसे पूरी ईमानदारी से निभाते रहे. उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि संघर्ष इंसान को मजबूत बनाता है और चुनौतियां ही जीवन की सबसे बड़ी शिक्षक होती हैं.

Advertisement

कृषि और सार्वजनिक जीवन पर विचार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अगर वे राजनीति में नहीं आते, तो एक अच्छा किसान बनते. उन्होंने बताया कि आज कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों में भी रोजगार और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं. साथ ही सार्वजनिक जीवन में समय प्रबंधन और जिम्मेदारी के महत्व पर भी उन्होंने प्रकाश डाला.

माता-पिता और गुरुओं के सम्मान की सीख

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को माता-पिता और शिक्षकों के प्रति सम्मान बनाए रखने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि जीवन की पहली और सबसे मजबूत सीख परिवार और गुरु से ही मिलती है, और उन्हीं के आशीर्वाद से सफलता का रास्ता आसान होता है.

शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ता छत्तीसगढ़

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. अब दूरस्थ क्षेत्रों तक स्कूल और उच्च शिक्षा के संस्थान उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं.

शिक्षा मंत्री ने दी बधाई

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि ये छात्र-छात्राएं छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक हैं और सरकार शिक्षा की गुणवत्ता और संसाधनों को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है.

मुख्यमंत्री निवास का यादगार अनुभव

मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर विद्यार्थियों में खास उत्साह दिखाई दिया. उन्होंने परिसर का भ्रमण किया, व्यवस्थाएं देखीं और शासन की कार्यप्रणाली को करीब से समझा. बच्चों ने आम भी तोड़े और इस आत्मीय अनुभव को अपने जीवन का एक यादगार पल बताया.

आईपीएल मैच का मिला खास तोहफा

उल्लेखनीय है कि इन मेधावी विद्यार्थियों को एक दिन पहले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल मैच देखने का अवसर भी दिया गया था. विद्यार्थियों ने इस अनोखे अनुभव के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया.