छ्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में हुए सड़क हादसा मामले में बिलासपुर जिले के तखतपुर मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमरेश सिंह (58) को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया. सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई थी और एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ. हादसे के समय अमरेश सिंह कार चला रहे थे.
जानकारी के अनुसार, मुंगेली के जरहागांव थाना क्षेत्र के बरेला गांव में सड़क हादसा हुआ था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जरहागांव थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है.
शादी का ऑर्डर पूरा कर लौट रहे थे, तभी हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, शिक्षक नगर पंडरिया निवासी विश्वनाथ बसोर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज हुआ था, जिसमें बताया गया कि 1 अगस्त को किरण बसोर अपने साथियों के साथ शादी समारोह का ऑर्डर पूरा कर हरदी गांव से लौट रही थीं. बरेला गांव में मेन रोड पर सड़क पर गाय आने के कारण उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे रोक दी थी, इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही तेज स्कोडा कार गलत दिशा से आई और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. उस कार पर "CMO (UAD) CG Government" लिखा हुआ था.
दो महिलाओं की मौत, एक युवक की हालत गंभीर
हादसा इतना भीषण था कि हेमलता साहू (39) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल किरण बसोर (36) को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई. दुर्घटना में घायल भुनेश्वर साहू (26) का इलाज जारी है. तीनों मुंगेली क्षेत्र के निवासी बताए गए.
जांच में सामने आई गंभीर लापरवाही, चालक गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में जरहागांव पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए और तकनीकी जांच की.
पुलिस के अनुसार, जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिले कि कार चालक ने जानबूझकर और घोर लापरवाही बरतते हुए गलत दिशा में तेज रफ्तार से कार चलाई. इस वजह से हादसा हुआ. कार अमरेश सिंह चला रहे थे, जिन्हें अंबिकार जिले से गिरफ्तार किया और कार जब्त कर ली.
फरार हो गया था चालक, घटनास्थल पर मिली थी 'CMO' नेम प्लेट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था. घटनास्थल से कार की 'CMO' लिखी नेम प्लेट बरामद हुई थी. बाद में क्षतिग्रस्त स्कोडा कार तखतपुर नगर पालिका कार्यालय के पास खड़ी मिली, जिसके बाद मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया.
जन्मदिन पार्टी से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि दुर्घटना के समय कार में तखतपुर नगर पालिका के CMO अमरेश सिंह और उनके साथी आनंद श्रीवास सवार थे. दोनों मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह से तखतपुर लौट रहे थे. पूछताछ में आनंद श्रीवास ने बताया कि दोनों ने शराब पी रखी थी. उन्होंने अमरेश सिंह को कई बार वाहन की रफ्तार कम करने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माने और तेज गति में वाहन चलाते रहे. इसके चलते यह भीषण हादसा हो गया. इस संबंध में पुलिस की विवेचना जारी है.
ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: AAP प्रदेश अध्यक्ष भीषण सड़क हादसे में गंभीर घायल, बाइक सवार को बचाने के दौरान हुआ हादसा