सूरजपुर जिले में एक छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि मामूली घरेलू विवाद के बाद छात्रा ने घर में रखी मलेरिया की करीब 50 गोलियां खा लीं. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, मृतका अंजली साहू रेवती रमण महाविद्यालय सूरजपुर में एमए की छात्रा थी और कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनपुर इलाके की रहने वाली थी. परिजनों के अनुसार घटना के समय घर में पोछा लगाया जा रहा था. इसी दौरान घर के सदस्य पोछे वाली जगह से बार बार गुजर रहे थे. छात्रा के टोकने पर इसी बात को लेकर छात्रा और उसके पिता के बीच विवाद हो गया. विवाद के बाद छात्रा नाराज होकर कमरे में चली गई और घर में रखी मलेरिया की गोलियां खा लीं.
कुछ देर बाद बिगड़ी छात्रा की तबीयत
कुछ देर बाद छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. परिजनों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. डॉक्टरों ने इलाज के दौरान छात्रा को मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि मृतका की मां गांव में मितानिन के रूप में कार्यरत हैं. इसी वजह से घर में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित दवाइयां रखी हुई थीं. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि छात्रा ने उन्हीं दवाइयों का सेवन किया था. घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया.
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक तनाव और युवाओं में बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध हैं.
ये भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा के परिजनों ने आज भी शव लेने से किया इनकार, 6 दिन से मोर्चरी में रखी है लाश